हरियाणा : एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में पहुंचने से मैदानी क्षेत्रों में दक्षिण पूर्वी हवाओं के चलने से वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ गई। इस असर से आने वाले दिनों में धुंध और गहराएगी। इसे लेकर भारतीय मौसम विभाग ने 13 दिसंबर तक येलो अलर्ट भी जारी किया है। 

मौसम वैज्ञानिक डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि गुरुवार को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर पहुंच गया है। इस वजह से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं मैदानी राज्यों में विशेषकर हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में सीमित स्थानों पर हवाओं की दिशा बदलने से हल्की बादलवाही देखने को मिलेगी।

इस दौरान हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली के संपूर्ण इलाके में मौसम साफ और शुष्क ही बना रहेगा। हालांकि दक्षिणी पूर्वी नमी वाली हवाओं से वातावरण में प्रचुर मात्रा में नमी होने की वजह से सुबह के दौरान प्रदेश में धुंध व कोहरा छाया रहने की संभावनाएं बन रही हैं। इसे लेकर भारतीय मौसम विभाग ने संपूर्ण इलाके पर 9 से 13 दिसंबर के दौरान येलो अलर्ट जारी कर दिया है।गुरुवार को प्रदेश में न्यूनतम तापमान 6.0 से 10.0 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21.0 से 25.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।