बिहार में इस साल बहुत कम बारिश हुई है। राज्य में सूखे जैसे हालात बन रहे हैं। इस बीच राज्य को सूखाग्रस्त घोषित करने की तैयारी की जा रही है। नीतीश कुमार की नई सरकार में कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने इसकी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि राज्य भर में कम बारिश की वजह से धान की रोपनी प्रभावित हुई है ऐसे में सरकार किसानों को उनके नुकसान की भरपाई करेगी।

इसे लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार काफी सजग हैं। वे खुद राज्य में सूखे की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। वे स्थिति का सर्वेक्षण करने के लिए पटना से बाहर निकल रहे हैं।  शनिवार को सीएम नीतीश कुमार जमुई पहुंचे। सीएम के दौरे को लेकर जिला प्रशासन के पदाधिकारी मौजूद थे। उन्होंने अधिकारियों से जिले में हुई बारिश की मात्रा, खेतीबारी, खरीफ फसल की बुआई से जुड़ी जानकारी अधिकारियों से ली। वे जमुई के साथ साथ मुंगेर और लखीसराय में भी स्थिति का जायजा लेंगे।