चंडीगढ़ : कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार में हुए बहुचर्चित पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप घोटाले में छह अधिकारी बर्खास्त कर दिए गए हैं। लगभग 39 करोड़ के इस बड़े घपले में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने कार्रवाई की है।

बताया जा रहा है कि बर्खास्त किए गए छह अधिकारियों की इस घोटाले में पूर्व मंत्री साधु सिंह धर्मसोत के साथ संलिप्तता सामने आ रही है। अब विभाग ने इसकी जांच करते हुए इन अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। 

जानकारी के अनुसार इसमें चार अधिकारी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से, जबकि दो लोग वित्त विभाग से संबंधित हैं। बर्खास्त किए गए अधिकारियों में एक उपनिदेशक, एक डिप्टी कंट्रोलर, सेक्शन ऑफिसर, सुपरिंटेंडेंट और दो वरिष्ठ सहायक शामिल हैं। विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विभागीय जांच पूरी होने पर छह अधिकारियों की 39 करोड़ के स्कॉलरशिप घोटाले में संलिप्तता सामने आई है, जिसके चलते उन्हें पद से बर्खास्त कर दिया गया है। 

पूर्व कांग्रेस सरकार में पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप स्कीम सामने आया था, जिसके तहत कई निजी संस्थानों को एससी- एसटी छात्रों के लिए स्कॉलरशिप को गलत तरीके से आवंटित कर दिया गया था। जानकारी के मुताबिक जांच में सामने आया है कि विभाग ने 14 निजी संस्थानों को यह स्कॉलरशिप की राशि बांटी है। संस्थानों के फिर से करवाए गए ऑडिट में यह गड़बड़ी सामने आई है। बहरहाल, इस मामले के फिर से चर्चा में आने के बाद जेल में जेल में बंद पूर्व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री साधु सिंह धर्मसोत की मुश्किलें अब और बढ़ सकती हैं।