चंडीगढ़ : भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 1 से 2 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर फिर से शुरू हो जाएगी। वहीं, 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में कोल्ड डे रहने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के साथ ही आज दोबारा से कोहरा छाएगा। मौसम में बदलाव जारी है। शुक्रवार रात को पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली से आगे निकल गया है। इस कारण अब पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली पर एक बार फिर से बर्फीली हवाओं का रुख हो जाएगा।

शुक्रवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 15.0 से 25.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.0 से 11.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। इस दौरान सिरसा में अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस और महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।