लुधियाना। कोरोना को कंट्रोल करना मुश्किल होता जा रहा है। जिले में शुक्रवार को 345 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इनमें से 324 लोग लुधियाना जिले के रहने वाले हैं। चिंता की बात यह है कि जिले में 22 डाक्टर भी पाजिटिव हैं। सिविल सजर्न एसपी सिंह ने बताया कि इनमें सीएमसी अस्पताल के 12, डीएमसी अस्पताल के चार, सरकारी अस्पतालों में कार्यरत 5 डाक्टर भी शामिल हैं। एक डेंटिस्ट और नर्स भी संक्रमित पाए गए हैं।

वहीं गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंस यूनिवर्सिटी (गडवासू) के गर्ल्स हास्टल में रहने वाली 10 छात्राएं भी कोरोना पाजिटिव मिली हैं। यह छात्राएं बुधवार को संक्रमित पाई गई छात्र के संपर्क में आई हैं। हालांकि सेहत विभाग ने शुक्रवार को एक बार फिर छात्राओं के सैंपल लिए हैं। पाजिटिव छात्रओं को हास्टल के पास ही अगल से आइसोलेशन सेंटर बना दिया गया है।

इटली से लौटे 10 व दुबई से लौटा एक यात्री भी पाजिटिव आया है। संक्रमित लोगों के संपर्क में आकर कुल 32 लोगों को कोरोना ने जकड़ा है। इसके अलावा फ्लू कार्नर की जांच में 87 और ओपीडी की जांच में 19 लोग पाजिटिव मिले हैं। एक पुलिस कर्मी व एक गर्भवती भी पाजिटिव हैं। जिले में संक्रमण की दर बढ़कर 9.1 प्रतिशत हो गई है। हालांकि तीसरी लहर में बड़ी राहत यह है कि वैक्सीन लगी होने के कारण अधिकतर पाजिटिव लोग गंभीर स्थित में नहीं पहुंच रहे हैं। 98 प्रतिशत पाजिटिव लोगों में सामान्य लक्षण हैं जिस कारण वह होम आइसोलेशन में हैं। केवल दो प्रतिशत लोग ही अस्पताल में भर्ती किए गए हैं।