पानीपत । कोरोना महामारी कहर बरपा रही है। रविवार को 10 मरीजों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इनमें से आठ मेल, दो फीमेल हैं। सबसे अधिक चार केस अंसल सोसाइटी में हैं। विराट नगर में भी दो केस हैं। अंसल निवासी 18 साल का छात्र पंजाब के पटियाला स्थित एक स्कूल का विद्यार्थी है। वहां छात्र संक्रमित मिले थे। पानीपत पहुंचकर जांच कराई को रिपोर्ट पाजिटिव मिली।

सिविल सर्जन डा. जितेंद्र कादियान ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि विराट नगर वासी एक महिला विगत दिनों पाजिटिव आई थी। स्वजनों के सैंपल लिए गए थे। उनमें से 73 23 वर्षीय पुरुष पाजिटिव मिले हैं। माडल टाउन वासी महिला 31 दिसंबर को संक्रमित मिली थी, अब उसका पति संक्रमित मिला है।

जिला के निवासियों को समझना होगा कि महामारी पुन: पैर पसार रही है। संक्रमण का कम्यूनिटी फैलाव बढ़ा है। कोविड-19 गाइडलाइन की पालना नहीं करने पर मुसीबतें बढ़ सकती हैं। उधर, यूके से लौटी न्यू सुखदेव नगर निवासी महिला एयरपोर्ट पर 28 दिसंबर को पाजिटिव मिली थी। उसकी जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट अभी तक नहीं मिली है। उधर, न्यू हाउसिंग बोर्ड कालोनी सेक्टर-12 वासी महिला रिकवर हो गई है। संक्रमित मिले मरीजों के निकट संपर्क में आए लोगों के भी स्वाब सैंपल लिए गए हैं।

सिविल सर्जन के मुताबिक रविवार को 308 आशंकित मरीजों के स्वाब सैंपल लिए गए हैं। अब तक पाजिटिव मिले 31 हजार 159 केसों में से 30 हजार 480 रिकवर हो चुके हैं। फिलहाल 37 केस एक्टिव हैं, इनमें से 35 होम आइसोलेशन और दो सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं। अब तक 642 मरीजों की मौत हो चुकी है।