पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं से चंडीगढ़ समेत पूरे ट्राइसिटी में तापमान गिरने लगा है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में दिन व रात के तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। दिन में मौसम साफ रहेगा। अच्छी धूप निकलेगी लेकिन साथ ही, ठंडी हवाएं भी चलती रहेंगी। इससे सुबह और शाम के तापमान और गिरावट देखने को मिल सकती है। 

मौसम विभाग ने पंजाब में अगले दो दिन (शुक्रवार और शनिवार) येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में शीत लहर चलेगी और ठंड भी बढ़ेगी। गुरुवार को पंजाब के 15 जिलों में शीत लहर चली। रात के तापमान में गिरावट जारी है। गुरुवार को 3.9 डिग्री के न्यूनतम तापमान के साथ रोपड़ सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में अगले पांच दिन के दौरान कुछ जगहों पर हल्का कोहरा पड़ेगा। 24 घंटे में पंजाब के न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। 

पंजाब के जिन जिलों में गुरुवार को शीत लहर चली, उनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा और रूपनगर शामिल हैं। गुरुवार को न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री की गिरावट रही। होशियारपुर का 4.7 डिग्री, बठिंडा का न्यूनतम तापमान 5.4, फरीदकोट का 5.2, गुरदासपुर का 5.0, फिरोजपुर व गुरदासपुर का 5.3 डिग्री, अमृतसर का न्यूनतम तापमान 6.6, लुधियाना का 6.4, पटियाला का 6.6 और जालंधर का तापमान 6.4 डिग्री दर्ज किया गया।