दिल्ली | मौसमी दशाओं में बदलाव के बाद दिन में छाए बादलों से सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में ठिठुरन महसूस हुई। उम्मीद है कि मंगलवार को दिल्ली के तापमान में कुछ और गिरावट हो। मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के अनुसार सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 17.3 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सोमवार को दिल्ली के अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज हुई है।

विभाग के अनुसार, नजफगढ़ इलाके में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यहां न्यूनतम तापमान भी 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि मंगेशपुर इलाका सबसे ठंडा रहा। यहां अधिकतम तापमान 15.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान गाजियाबाद में 15.7 डिग्री, गुरुग्राम में 16.3 डिग्री और फरीदाबाद में 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होगी। विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

छह जनवरी तक तापमान चार डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन से चार दिन सुबह के समय दिल्ली, चंडीगढ़ व हरियाणा में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।वहीं विभाग ने छह से सात जनवरी तक शीत लहर चलने व सर्द दिन रहने का येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर पश्चिम भारत में यह शीत लहर होगी। विभाग ने दिल्ली में मंगलवार को बादल छाने और सुबह घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। वहीं अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान सात डिग्री तक दर्ज होगा।