जयपुर । पूरे उत्तर भारतीय क्षेत्र में कड़ाके की ठंड जारी है। मकर संक्रान्ति के बाद भी राजस्थान में कड़ाके की ठंड देखने को मिली। राज्य के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। बुधवार को सीकर, चूरू और करौली में रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। वहीं, फतेहपुर में न्यूनतम तापमान माइनस 2.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, रात का तापमान सीकर में माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस, चूरू में माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस और करौली में माइनस 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

संगरिया (हनुमानगढ़), चित्तौड़गढ़, अलवर, अंता (बारां) में न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस, 0.1 डिग्री सेल्सियस, 0.5 डिग्री सेल्सियस और 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि श्रीगंगानगर में 3.1 डिग्री सेल्सियस और डूंगरपुर में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने 19 जनवरी से कड़ाके की ठंड से राहत मिलने का अनुमान जताया है।कड़ाके की ठंड से किसानों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं।

स्थानीय लोगों ने कहा कि किसानों को इस बात की चिंता सताने लगी है कि जमने वाली बर्फ से सरसों की फसल को क्या नुकसान होगा। जबकि गेहूं व अन्य फसलों को लाभ मिलने के आसार हैं।इस बीच, राजस्थान का हिल स्टेशन माउंट आबू बर्फ की चादर से ढका हुआ है। माउंट आबू में ठंडी ने पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। तापमान मे लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। यहां तापमान -4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इलाके में 4 से 5 इंच मोटी बर्फ देखी गई।