मौसम नए साल के पहले हफ्ते में ही बदलता दिख रहा है और देश के ज्यादातर राज्यों में ठंड का कहर मचा है। उत्तर भारत में शीतलहर के साथ कोहरे का सितम जारी है, जिसके आगे भी जारी रहने के आसार हैं। कई राज्यों में कोल्ड डे का अटैक जारी है। वहीं दिल्ली में कोहरा फिलहाल कम है, लेकिन तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है और आज रिकार्ड दर्ज किया गया है।दिल्ली में मौसम नए साल के आते ही बदलता दिखा, यहां तेजी से तापमान में गिरावट देखी गई। वहीं, शीतलहर और हल्का कोहरा भी राजधानी में छाया है। IMD के अनुासर कोहरे के कारण दिल्ली के पालम में आज विजिबिलिटी 25 मीटर आंकी गई। तापमान की बात करें तो दिल्ली के लोधी रोड पर आज सुबह इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और अधिकतम 17 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश में राजधानी दिल्ली से भी ज्यादा ठंड का कहर मचा है। यहां न्यूनतम तापमान तो 7 डिग्री है, लेकिन अधिकतम तापमान 12 डिग्री आंका गया जिसके चलते ठंड ज्यादा महसूस होने लगी है। लोग भी अब बाहर निकलने से बचते दिख रहे हैं, जरूरत पड़ने पर ही लोग घरों से बाहर आ रहे हैं। राज्य में कोहरा भी काफी ज्यादा है, आगरा में तो विजिबिलिटी शून्य तक आ गई है।