दिल्ली के फतेहपुरबेरी थाना इलाके में तीन साल की बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। दो आरोपी बच्ची को जंगल में ले गए और सामूहिक दुष्कर्म कर दिया। लहूलुहान अवस्था में बच्ची को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालात स्थिर बनी हुई है। बच्ची के निजी अंगों पर चोट आई है।

जानकारी के अनुसार, एक महिला तीन वर्ष की बेटी के साथ फतेहपुरबेरी थाने पहुंची। महिला ने बताया कि बेटी शुक्रवार सुबह से गायब है। पीड़ित मां को पड़ोस की महिला ने बताया कि बच्ची को डेरा गांव के जंगल में देखा है। उसने जंगल की तरफ जाते हुए दो लोगों को भी देखा है। महिला जब जंगल में पहुंची तो बेटी जंगल में रोती हुई मिल गई।

बच्ची के कपड़े खून में सने हुए थे। मां ने बच्ची ने पूछा तो वह रोती रही। महिला ने सारी बात पति को बताई। इसके बाद वे बेटी को लेकर फतेहपुरबेरी थाने पहुंची। बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच के बाद पुलिस ने मध्यप्रदेश निवासी रामनिवास और शक्तिमान को इलाके से ही गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी शादीशुदा हैं और भूमि ग्रीन कंपनी में हेल्पर हैं। कूड़ा रिसाइकिलिंग की कंपनी में काम करते हैं।

दक्षिण जिला डीसीपी चंदन चौधरी ने बताया कि फतेहपुरबेरी थाना पुलिस ने वारदात के कुछ समय बाद ही आरोपी रामनिवास पानिका (27) और शक्तिमान सिंह (22) को गिरफ्तार कर लिया।