दिल्ली के नारायणा औद्योगिक क्षेत्र में रविवार रात पान मसाला बनाने की फैक्टरी में लिफ्ट टूटने से तीन कर्मचारी की मौत हो गई जबकि एक कर्मचारी घायल हो गया। घायल कर्मचारी का कारोबाग स्थित बीएलके अस्पताल में इलाज चल रहा है। जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है। 

मृत कर्मचारियों की शिनाख्त कुलवंत सिंह(30), दीपक कुमार(26) व सन्नी(33)  के रूप में हुई है। तीनों इंद्रपुरी के रहने वाले थे। वहीं घायल कर्मचारी का नाम सूरज है। वह गोल मार्केट इलाके मे्ं रहता है।  जिला पुलिस उपायुक्त घनश्याम बंसल  ने बताया कि घटना रविवार शाम करीब पौने छह बजे की है। नारायणा औद्योगिक क्षेत्र के ए ब्लाक स्थित एक फैक्ट्ररी के लिफ्ट टूटने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ ही दमकल विभाग व आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू कर दिया।

लिफ्ट में फंसे चार लोगों को बाहर निकालकर दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां तीन को डॉक्टरों ने मृत मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सूरज को बेहतर उपचार के लिए बीएलके अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

स्थानीय लोगों ने बताया कि फैक्टरी में पान मसाला बनाया जाता था। फैक्टरी में दो लिफ्ट लगी है। एक लिफ्ट से सामान ढोया जाता है वहीं दूसरे का इस्तेमाल कर्मचारियों के लिए किया जाता है।

बताया जा रहा है कि कर्मचारियों के जाने वाले लिफ्ट से सामान ले जाया जा रहा था। जिसकी वजह से यह हादसा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है और पता लगाया जा रहा है कि किसकी लापरवाही से हादसा हुआ है। कई बार इस नियम की अवहेलना भी हाेती है। सामान ढोने वाले लिफ्ट में कर्मी भी चले आते हैं। आशंका जताई जा रही है कि कर्मियों वाले लिफ्ट में सामान ढोया जा रहा था, जिससे हादसा हुआ है।