लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज उत्तर प्रदेश में आठ लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इनमें गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट भी शामिल है। इस सीट पर भाजपा ने हैट्रिक लगाने की उम्मीद से डॉ. महेश शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा है। उनकी मुकाबला समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार डॉ. महेंद्र नागर और बसपा के राजेंद्र सोलंकी से है। गौतमबुद्ध नगर में वोटिंग को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह सात बजे से वोटिंग के लिए मतदाता घर से निकले।  

गौतमबुद्ध नगर लोकसभा में चुनावी मैदान में कुल 15 प्रत्याशी हैं जिनकी किस्मत का फैसला 26.75 लाख मतदाता करेंगे। गौतमबुद्ध नगर की तीन और बुलंदशहर की दो विधान सभा क्षेत्रों के 2717 बूथों पर वोट डाले जाएंगे। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होकर शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। हालांकि निर्धारित समय तक जो मतदाता बूथ के अंदर होंगे उन्हें हर हाल में मतदान कराने का मौका मिलेगा। मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की कमान पुलिस के साथ अर्धसैनिक बल के हाथों में रहेगी। बृहस्पतिवार शाम से ही दोनों जनपदों के बूथों पर अर्धसैनिक बल तैनात कर दिए गए।

कड़ी सुरक्षा के बीच हो रहा मतदान

गौतमबुद्घ नगर लोकसभा क्षेत्र में मतदान के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। वहीं दिल्ली और प्रदेश के दूसरे जिलों से लगी सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस की टीम नोएडा-ग्रेटर नोएडा में करीब दो हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी कर रही है।

गौतमबुद्ध नगर सीट पर चुनाव की तैयारियों पर एक नजर

174 सेक्टर मजिस्ट्रेट: पांच विधानसभा क्षेत्रों को 174 सेक्टर में बांटा गया है। इनमें गौतमबुद्ध नगर जिले की तीनों विधानसभा में 120 सेक्टर शामिल है। जहां एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
36 जोनल मजिस्ट्रेट: पांचों विधानसभा को 36 जोन में बांटा गया है। हर जोन पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। नोएडा, दादरी व जेवर विधानसभा को 26 जोन में बांटा है।
329 बूथों पर विशेष नजर: मतदान को लेकर 165 बूथों को संवेदनशील और 164 बूथों को अतिसंवेदनशील बनाया गया है। यहां पर विशेष नजर रखी जा रही है। साथ ही अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है।
931 बूथों की वेबकास्टिंग: नोएडा, दादरी और जेवर विधानसभा के 931 बूथों की वेबकास्टिंग हो रही है। आयोग के साथ कलेक्ट्रेट में भी बूथों पर लाइव नजर रखे हुए है।

गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर मतदाताओं की संख्या

विधानसभा          पुरुष     महिला         अन्य      कुल
नोएडा             437796   345064       12       782872
दादरी             397644     331773      64       729481
जेवर             200073       169742      09       369824
सिकंदराबाद  208906        190169       16      399091
खुर्जा             206376         187486      18       393880
योग             1450795       1224234     119      2675148