थाईलैंड कनेक्शन का पर्दाफाश, गया एयरपोर्ट पर करोड़ों का गांजा पकड़ा
गया जी। एयरपोर्ट एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी के मामले में सुर्खियों में आ गया है। कस्टम विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाईलैंड से आई फ्लाइट में सवार चार यात्रियों के पास से करीब 25 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 25 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। जानकारी के अनुसार, थाईलैंड के डॉन मुआंग एयरपोर्ट से थाई एयर एशिया की फ्लाइट गया जी पहुंची थी। फ्लाइट से उतरे चार यात्रियों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर कस्टम अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में लेकर उनके सामान की गहन जांच की। तलाशी के दौरान पांच अलग-अलग बैगों में छिपाकर रखा गया हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा अत्याधुनिक तकनीक से उगाया गया हाइड्रोपोनिक कैनाबिस है, जिसकी गुणवत्ता और कीमत सामान्य गांजे की तुलना में कई गुना अधिक होती है। इस पूरे मामले में चारों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। फिलहाल उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि इस तस्करी के पीछे कौन-सा अंतरराष्ट्रीय गिरोह सक्रिय है और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है। गौरतलब है कि गया एयरपोर्ट पर इस तरह का यह इस साल तीसरा मामला है। इससे पहले जनवरी में भी चार यात्रियों को हाइड्रोपोनिक गांजे के साथ पकड़ा गया था, जबकि 14 मार्च को करीब 10 करोड़ रुपये का गांजा एक लावारिस बैग से बरामद हुआ था। एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कस्टम विभाग, सीआईएसएफ और एयरपोर्ट अथॉरिटी के तीन स्तरों पर संचालित होती है, इसके बावजूद लगातार हो रही घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। हर कार्रवाई के बाद सख्ती के दावे किए जाते हैं, लेकिन तस्कर नए तरीकों से सिस्टम को चुनौती दे रहे हैं। फिलहाल एजेंसियां सतर्क हैं और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में कार्रवाई जारी है।
