पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन मामले में मानसा की अदालत ने समन जारी किया है। पुलिस ने चन्नी को समन रिसीव करा दिया है। चन्नी को 12 जनवरी को अदालत में पेश होना है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी मंगलवार देर शाम सिद्धू मूसेवाला के घर पहुंचे। पूरी रात सिद्धू मूसेवाला परिवार के साथ बिताने के बाद सुबह 5:30 बजे चरणजीत सिंह चन्नी रवाना हो गए।

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी आठ महीने विदेश में रहने के बाद सोमवार को पंजाब लौट आए हैं। चन्नी अपनी पीएचडी की पढ़ाई पूरी करने विदेश गए थे। सोमवार को नई दिल्ली पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले प्रियंका गांधी से मुलाकात की और उन्हें हिमाचल प्रदेश में पार्टी की जीत पर बधाई दी। इसके साथ ही चन्नी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के कई सीनियर नेताओं से भी मुलाकात की। इसको उन्होंने शिष्टाचार मुलाकात बताया था।