स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई
सलूंबर। जिले में राज्य सरकार के ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और खराब खाद्य सामग्री के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। गर्मी के मौसम में बढ़ती ठंडी खाद्य पदार्थों की मांग को देखते हुए आमजन की सेहत को सुरक्षित रखने के लिए लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं। दरअसल, जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा टीम ने लसाड़िया, लोदा, अग्गड़ और चितोरिया क्षेत्रों में विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों से खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए और साफ-सफाई व गुणवत्ता के मानकों की जांच की गई।
फ्रीजर में मिली बदबूदार कुल्फी
निरीक्षण के दौरान लसाड़िया क्षेत्र में एक आइसक्रीम प्रतिष्ठान के फ्रीजर में बड़ी मात्रा में खराब और दुर्गंधयुक्त कुल्फी पाई गई। साथ ही वहां दूषित मावा भी रखा हुआ मिला। टीम ने जनहित को ध्यान में रखते हुए मौके पर ही इस खराब खाद्य सामग्री को नष्ट करवा दिया। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले कि यह सामग्री बिक्री के लिए तैयार की जा रही थी, जिससे उपभोक्ताओं, खासकर बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा पैदा हो सकता था।
जांच के लिए सैंपल लैब भेजे गए
इसके अलावा अन्य दुकानों से भी मावा, कुल्फी और दही के नमूने एकत्र किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों को शुद्धता बनाये रखने के निर्देश
खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्यापारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करने और खाद्य पदार्थों को खुले में न रखने के निर्देश भी दिए हैं। विभाग का कहना है कि मिलावट और लापरवाही के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
