जोधपुर में बेटे ने अपने 70 साल के पिता को बेरहमी से पीटा। बुजुर्ग को बेरहमी से पीटने का वीडियो अब सामने आया है। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार राजेंद्र गौड़ काजरी (केंद्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान ) जोधपुर में टेक्निशियन के पद पर थे। वे 10  साल पहले रिटायर हो गए थे। राजेंद्र अपने दो बेटों के साथ कॉलोनी में रहते हैं। रविवार को उनके छोटे बेटे ने शराब के लिए रुपये मांगे थे। पिता के मना करने पर बेटा आगबबूला हो गया। उसने पिता को बिना कपड़ों के घर से बाहर निकाल दिया। बेरहम बेटा यहीं नहीं रुका, उसने पिता को गली में दौड़ाकर पीटा। बेटे को बुजुर्ग ने समझाने की कोशिश की तो वह थप्पड़ मारने लगा। यह पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर राजेंद्र गौड़ के भतीजे विवेक गौड़ ने पुलिस को सूचना दी। करीब साढ़े 10 बजे तक पुलिस पहुंची। बेटे को पाबंद कर छोड़ दिया था। सोमवार सुबह नौ बजे भतीजा थाने पहुंचा और छत्रसाल के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। रातानाड़ा पुलिस ने छत्रसाल को गिरफ्तार कर लिया है। पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी छत्रसाल आए दिन लोगों को परेशान करता था। नशे में पहले भी वह कई बार उत्पात मचा चुका है। उससे पूरा मोहल्ला परेशान रहता है।