हिसार। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता सोमवार से ही दिखाई देने लगी। सुबह के समय तेज धूप निकली तो सायं होते ही ठंडी हवा चलने लगी। जिससे बारिश जैसा मौसम बन गया। हालांकि अभी बारिश आने की संभावना कम ही है। फरवरी के पहले सप्ताह में बूंदाबांदी होने की संभावना मौसम विज्ञानियों ने पहले ही जता दी थी। इससे पहले भी पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते प्रदेश में रिकार्ड तोड़ बारिश हुई है। यह मौसम फसलों के लिए काफी अच्छा है।

हिसार में मौजूदा समय में दिन का तापमान सामान्य के बराबर पहुंच गया है। यहा दिन का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं रात्रि तापमान सामान्य से पांच डिग्री घटकर 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिस दिन से धूप निकलने से दिन का तापमान बढ़ा है ठीक उसी दिन से रात्रि तापमान में भी गिरावट हुई है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि राज्य में दो फरवरी तक आमतौर पर मौसम खुश्क रहने तथा दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।