पंजाब के अमृतसर में लुधियाना स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने कार्रवाई कर दो तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। लुधियाना की टीम ने दोनों तस्करों से 56 करोड़ रुपए की हेरोइन को भी जब्त किया है। फिलहाल दोनों को गिरफ्तार करके लुधियाना STF अपने साथ ले गई है।

लुधियाना STF मोहाली-4 के सब इंस्पेक्टर मक्खन सिंह की तरफ से इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। सब इंस्पेक्टर को दोनों आरोपियों के बारे में सूचना मिली थी कि यह दोनों पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आयी हेरोइन की खेप को लेने जा रहे हैं। जिसके बाद प्लानिंग करके दोनों को ट्रेस कर गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए दोनों तस्करों की पहचान घरिंडा निवासी अनमोल सिंह और डल्लेके लोपोके निवासी हीरा सिंह के तौर पर हुई है।

AIG स्नेहदीप सिंह ने जानकारी दी कि आरोपियों के पाकिस्तान से लिंक की जानकारी मिली थी। सूचना थी कि दोनों आरोपी पाकिस्तान से आयी हुई खेप को लेने जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने चोगावां रोड गांव रणिके के पास भैरोवाल से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जब दोनों की तलाशी ली गई तो दोनों से 8 किलो के करीब हेरोइन जब्त की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ IPC की धाराओं 21 और 29 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। STF के एएआईजी स्नेहदीप सिंह ने बताया कि आरोपियों को जल्द कोर्ट में पेश करके रिमांड हासिल किया जाएगा।