दसूहा के नजदीकी गांव बुद्धूपुर के पास हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान अर्जुन सिंह पुत्र सुरिंदर कुमार निवासी फतेहउलापुर, मरासगढ़, दसूहा के रुप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है। पुलिस ने यह मामला अर्जुन सिंह के परिजन सुरिंदर सिंह निवासी बुद्धूपुर के बयान पर दर्ज किया है। पुलिस को दिए अपने बयान में सुरिंदर सिंह ने बताया कि वह अर्जुन सिंह के पिता का साढू हैं।

गत दिवस अर्जुन सिंह व वह मोटरसाइकिल पर किसी काम के बाद दसूहा से घर लौट रहे थे। इस दौरान जब वह बुद्धूपुर के पास पहुंचे तो एक तेज रफ्तार कार ने उनके मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। सुरिंदर सिंह ने बताया कि इस दौरान वह मोटरसाइकिल चला और अर्जुन सिंह उसके पीछे बैठा था। टक्कर लगने से अर्जुन सड़क के बीचो-बीच गिर गया और पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्र्क ने उसे कुचल दिया। जिस कारण अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में सुरिंदर सिंह के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है।