लंदन । सोचिए लिफाफे पर रसीदी टिकट उल्‍टा लगाना क्‍या जुर्म हो सकता है? मगर इस देश में जुर्म ही नहीं, गंभीर अपराध है। राजद्रोह माना गया है। इसकी सजा भी गंभीर है।हम बात कर रहे ब्रिटेन की। उस देश की जिसने दुनिया के 150 से ज्‍यादा मुल्‍कों पर वर्षों हुकूमत की। भारत समेत कई देशों ने वहां के संविधान को देखा और अपने यहां उसे आत्‍मसात किया। लेकिन इसी देश में लिफाफे पर आप उल्‍टा रसीदी टिकट नहीं लगा सकते। 
एक रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटन एंड टाइम के सॉलिसिटर्स ने इस विचित्र कानून का खुलासा किया। बताया कि अगर आप अपने लिफाफे पर गलत तरीके से मुहर लगाते हैं तो ब्रिटेन का कानून तोड़ते हैं। उनके अनुसार, एक ब्रिटिश स्टाम्प का उल्टा उपयोग करना अवैध है।आमतौर पर राजद्रोह कानून उन लोगों पर लागू होता है जो अपने ही देश के खिलाफ युद्ध छेड़ते हैं। या अपने देश के खिलाफ चल रहे युद्ध में हिस्‍सा लेते हैं। या अपनी सरकार को उखाड़ फेंकने का प्रयास करते हैं। ऐसे लोग भी इस दायरे में आते हैं जो अपनी सेना की जासूसी करते हैं या राज्‍य के मुखिया को मारने की कोशिश में संलिप्‍त पाए जाते हैं। मगर ब्रिटेन के कानून में एक स्‍टांप उल्‍टा लगा देना भी इसी तरह का अपराध माना गया है। 
अगर कोई इस कानून के तहत दोषी पाया जाता है तो उसे उम्रकैद की सजा हो सकता है।सॉलिसिटर के मुताबिक, ब्रिटिश कानून में 1848 के देशद्रोह अध‍िनियम के तहत टिकट उल्‍टा लगाने को देश के राजा को मार डालने की कोशिश के रूप में देखा जाता है। अभी भी यह कानून लागू है। हालांकि, इसका एक हिस्‍सा और था, जिसमें लिखा गया था कि अगर आप ऐसा करते पाए गए तो पूरा जीवन आपको समुद्र के अंदर बिताना होगा, उसे निस्‍त कर दिया गया है। दरअसल, ब्रिटेन के डाक टिकट में राजा का चित्र होता है।इसमें मुकुट या कोई अन्‍य सजावट नहीं होती लेकिन यह राजा जैसा नजर आता है। इसलिए इस कानून की मान्‍यता है। 
मालूम हो कि दुनिया में तमाम अजीबोगरीब कानून हैं. कहीं, पत्नी का जन्मदिन भूलने पर जेल की सजा हो सकती है तो कहीं शरीर का वजन ज्यादा होना गैरकानूनी है। कहीं, सड़कों पर कबूतरों को खाना खिलाना अपराध है तो कहीं, आप ऊंचे हील के जूते नहीं पहन सकते। पहली नजर में तो लगता है कि यह कानून नहीं, मजाक है, लेकिन सच में इन देशों में वर्षों से यह कानून चले आ रहे हैं और किसी ने सुध नहीं ली।