मैनपुरी किशनी, पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम को कटरा समान ग्राम पंचायत के प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के कुछ समय बाद ही उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
थाना क्षेत्र के गांव शेखूपुरा निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीना यादव की मौत के मामले में दो मृत्यु प्रमाणपत्र ग्राम पंचायत की ओर से जारी किए गए हैं। शिकायत के बाद से मामले में जांच चल रही है। पुलिस ने जांच में ग्राम प्रधान उमेश शर्मा को दोषी पाया था। इसी के तहत बृहस्पतिवार शाम को पुलिस ने प्रधान को गिरफ्तार किया। थाने में हालत बिगड़ने पर ग्राम प्रधान को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया। यहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनका ब्लडप्रेशर बढ़ गया है। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने ग्राम प्रधान को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हालत बिगड़ने पर ग्राम प्रधान को अस्पताल ले जाया गया है। तबियत ठीक होने पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। वहीं एसपी अशोक कुमार राय ने पीआरपी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों को थाने से संबद्ध किया है।

पति के खिलाफ भी दर्ज है रिपोर्ट 
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीना यादव के पति विनोद कुमार यादव की ओर से ग्राम पंचायत समान के सचिव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पति विनोद कुमार के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि विनोद कुमार ने पत्नी मीना यादव की कोरोना से मृत्यु दिखाकर फर्जी दस्तावेज लगाकर 50 लाख रुपये की अनुग्रह धनराशि प्राप्त करने के लिए आवेदन किया था। आवेदक ने पत्नी मीना यादव का फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र एवं एंटीजन पॉजिटिव रिपोर्ट बनवाई गई थी। इस मामले की भी जांच पुलिस की ओर से की जा रही है।