नई दिल्ली। दिल्ली जल बोर्ड ने वर्षा के पानी के संग्रहण के लिए मानसून से पहले सरकारी भवनों में लगे सभी वर्षा जल संग्रहण प्रणाली की साफ सफाई करने का निर्देश दिया है। ताकि मानसून में वर्षा के पानी का संग्रहण कर भूजल रिचार्ज किया जा सके।

वर्षा जल संग्रहण प्रणाली की सफाई के बाद सरकारी महकमों को जल बोर्ड को लिखित में यह सूचित करना होगा कि उन्होंने विभाग के भवनों में लगे वर्षा जल संग्रहण प्रणाली की सफाई का काम पूरा कर लिया है।

वर्षा जल संग्रहण प्रणाली के लिए 10, 704 संपत्तियां चिन्हित

दिल्ली में वर्षा जल संग्रहण प्रणाली लगाने के लिए 10,704 सरकारी संपत्तियां चिन्हित की गई थीं। इनमें से 8532 भवनों में वर्षा जल संग्रहण प्रणाली है।

इनमें से 4,144 वर्षा जल संग्रहण प्रणाली स्कूलों में लगाए गए हैं। बाकी अन्य विभागों के भवनों में लगे हैं। वर्षा जल संग्रहण प्रणाली का रखरखाव भी बड़ी समस्या रही है।

वर्षा जल संग्रहण प्रणाली की हर वर्ष ठीक से साफ सफाई नहीं होने के कारण वर्षा के पानी के संग्रहण में दिक्कत आती है। कई जगहों पर वर्षा जल संग्रहण प्रणाली चालू स्थिति में नहीं होती। इस वजह से वर्षा जल संग्रहण प्रणाली लगाने का फायदा नहीं हो पाता।

संबंधित विभाग के दिया निर्देश

जल बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हाल ही में सरकारी भवनों में लगे सभी वर्षा जल संग्रहण प्रणाली की साफ सफाई करने का संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया है। ताकि मानसून से पहले साफ सफाई सुनिश्चित हो सके।

इसके अलावा लोगों को भी वर्षा जल संग्रहण के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यशाला शुरू किया गया है। जिसमें जल बोर्ड के इंजीनियर लोगों को वर्षा जल संग्रहण प्रणाली लगाने की तकनीकी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाती है।

वर्षा जल संग्रहण प्रणाली के लिए चिन्हित 2172 सरकारी भवनों में अभी वर्षा जल संग्रहण प्रणाली नहीं है। इन संपत्तियों में वर्षा जल संग्रहण प्रणाली लगाने की प्रक्रिया चल रही है। मानसून से पहले यह काम पूरा किया जाना है।