नई दिल्ली। दिल्ली के तिमारपुर इलाके में समय पर किराया नहीं देने पर किराएदार के आठ वर्षीय बेटे का गला काटने का मामला सामने आया है। वारदात शुक्रवार शाम की है। मामले में पुलिस ने मकान मालिक पिंटू झा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित तिमारपुर थाने का घोषित बदमाश है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, सूचना मिली की संजीव झा अपने आठ वर्षीय बेटे को गंभीर हालत में सिविल लाइंस स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। उसके गले पर गहरा घाव था।

पुराना है आरोपित का आपराधिक रिकॉर्ड: पुलिस

संजीव झा ने बताया कि उसके मालिक पिंटू झा ने उसके बेटे पर धारदार हथियार से हमला किया है। जांच में पता चला कि पिंटू तिमारपुर थाने का घोषित बदमाश है। उस पर चोरी, डकैती समेत नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर एसआइ मोहित के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर आरोपित पिंटू को शनिवार शाम को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में पता चला कि किराया समय पर नहीं देने से उसने बच्चे पर जान से मारने की नियत से हमला किया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।