गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि से बिहार के भागलपुर जिले में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। गुरुवार को जिले के 50 से अधिक गांव जलमग्न हो गए। वहीं स्कूल और कॉलेजों में बाढ़ का पानी घुस रहा है स्कूलों में पानी घुसने से पढ़ाई बाधित होने लगी है। जिला प्रशासन ने अधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है।

गुरुवार को सुल्तानगंज से लेकर पीरपैंती तक गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। सभी जगहों पर गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। तिलका मांझी भागलपुर यूनिवर्सिटी परिसर में बाढ़ का पानी घुस गया है। प्रशासनिक भवन के सामने बाढ़ का पानी बहने लगा है। प्रोफेसर कॉलोनी में पानी घुस गया है। लोग परिवार सहित सुरक्षित स्थान को जा रहे हैं। महिला छात्रावासों को खाली कर दिया गया है। इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रावासों में भी बाढ़ का पानी घुस गया है। अन्य कार्यालय भी पानी से घिर गये हैं। जिले के एक दर्जन से अधिक स्कूल बाढ़ के पानी से घिर चुके हैं। 

डीएम ने तटबंधों की नियमित निगरानी करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर नजर बनाये रखने और लोगों की मदद करने को कहा है। तटबंधों की जांच और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन बाढ़ को लेकर हाई अलर्ट पर है।