हरियाणा के अंबाला में शराबी पति को समझाने गए पूर्व सरपंच पर जानलेवा हमला कर दिया।  घटना थाना शहजादपुर के अंतर्गत आने वाले गांव रसीदपुर की है। गांव रसीदपुर निवासी 72 वर्षीय गुलजार राम सेना से रिटायर्ड हैं और गांव के पूर्व सरपंच भी हैं। गुलजार राम ने बताया कि 7 सितंबर की शाम को वह अपने घर पर रिश्तेदारों के साथ बैठा था। इसी बीच शाम साढ़े 7 बजे गांव की सरबजीत कौर रोती हुई आई और बोली की उसे उसका पति जयपाल पीट रहा है। 12 साल की बेटी को कमरे में बंद किया हुआ है। गुलजार राम ने बताया कि जैसे ही वह सरबजीत कौर के साथ उसके पति को समझाने गये। जयपाल एकदम तैश में आया और गाली-गलौज करने लगा। इसी बीच जयपाल ने उसके घर के बरामदे में रखी लोहे की रॉड से सिर में हमला बोल दिया। दूसरा वार बाजू पर किया।

आरोप है कि जयपाल की मां ने भी कुल्हाड़ी से उसके ऊपर वार किया था। गनीमत रही कि बचाव हो गया। शोर सुनाई देने पर गोगा माड़ी की दीवार के पास खड़े उसके रिश्तेदार जरनैल व भाई खेम चंद दौड़ कर उसके पास पहुंचे। सिर में चोट लगने से वह बेसुध हो गए थे। लहूलुहान हालत में वह CHC शहजादपुर ले गए। यहां से प्राथमिक जांच के बाद चंडीगढ़ GMCH-32 रेफर कर दिया। यहां से सर्जरी के बाद वे अंबाला सिटी के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हुए। पुलिस ने अब बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ धारा 323, 324, 506 व 34 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।