नई दिल्ली। सीएम अरविंद केजरीवाल से मुलाकात के लिए कैबिनेट मंत्री आतिशी सोमवार को तिहाड़ पहुंची। इससे पहले खबर आई थी कि सुनीता को सोमवार को सीएम अरविंद से मिलने नहीं दिया जाएगा। हालांकि बाद में उन्हें मिलने की अनुमति दी गई। इसके बावजूद सुनीता तिहाड़ नहीं पहुंची।

तिहाड़ जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करके बाहर आई मंत्री आतिशी ने कहा कि अभी मैं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलकर आई हूं। मैंने उनसे पूछा कि वो कैसे हैं? इस पर उन्होंने कहा कि मेरी चिंता मत करो। मेरी सेहत की चिंता मत करो। ये बताओ कि दिल्ली में काम कैसा चल रहा है? क्या स्कूल में किताबें समय पर मिल रही हैं? क्या बच्चों की पढ़ाई समय पर हो रही है? कोई दिक्कत तो नहीं आ रही?

महिलाओं से किया वादा जरूर होगा पूरा

उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने पूछा कि मोहल्ला क्लीनिक में दवा की जो समस्या चल रही थी, वो हल हुई या नहीं? क्या दिल्ली के लोगों को दवा मिल रही है? उन्होंने कहा कि गर्मी का मौसम आ रहा है। दिल्ली के लोगों को पानी की कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। इसपर उन्होंने खास ध्यान देने को कहा है। उन्होंने दिल्ली की महिलाओं को एक संदेश दिया है कि वो जल्द बाहर आएंगे और उनका ये वादा है कि वह दिल्ली की महिलाओं को वादे के अनुसार एक हजार रुपये महीने देंगे। 

सुनीता केजरीवाल के अरविंद केजरीवाल से मिलने की अनुमति रद करने के सवाल पर आतिशी ने कहा कि भाजपा तानाशाही कर रही है।

सुनीता को तिहाड़ प्रशासन ने दी अनुमति

आम आदमी पार्टी ने सोमवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता को तिहाड़ जेल प्रशासन ने उनसे मिलने की इजाजत दे दी है और वह आज बाद में उनसे मुलाकात करेंगी। आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा, "सुनीता केजरीवाल दोपहर 12.30 बजे मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगी। बैठक के दौरान उनके साथ दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी भी होंगी।"

इससे पहले, रविवार को आप ने कहा था कि जेल अधिकारियों ने उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। जेल अधिकारियों ने इस आरोप का खंडन किया था।