चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के आइआइटी से नेहरू प्लेस की ओर जाने वाले कैरिजवे की एक लेन का मरम्मत कार्य पूरा करने बाद गुरुवार से इस लेन पर यातायात सुचारू कर दिया गया। साथ ही कैरिजवे की दूसरी लेन की बैरिकेडिंग कर उसके ज्वाइंट एक्पेंशन को बदलने का काम शुरू कर दिया गया। फिलहाल यात्रियों के लिए फ्लाईओवर के नीचे की दो लेन के साथ ही फ्लाईओवर के ऊपर की एक लेन यानी कुल तीन लेन यात्रा के लिए उपलब्ध है।

अप्रैल के अंत तक पूरा होगा निर्माण कार्य

बताया गया कि चिराग दिल्ली फ्लाईओवर का पूरा कार्य अप्रैल माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के आइआइटी से नेहरू प्लेस की ओर आने वाले कैरिजवे के एक लेन के ज्वाइंट एक्सपेंशन बदलने व अन्य मरम्मत कार्यों के चलते इसे एक अप्रैल से बंद किया गया था।

दूसरी लेन का मरम्मत कार्य शुरू

दो चरणों में पूरा किए जाने वाले इस कैरिजवे के मरम्मत कार्य के तहत पहले चरण में 15 दिन तक आइआइटी की ओर से नेहरू प्लेस की ओर आने वाले कैरिजवे के एक लेन का मरम्मत कार्य किया जाना तय था, लेकिन लोक निर्माण विभाग द्वारा काम के लिए चुनी गई एजेंसी ने तेजी से काम करते हुए इस लेन को 13 दिन के भीतर ही यातायात के लिए खोल दिया। साथ ही दूसरे लेन का मरम्मत कार्य भी शुरू कर दिया गया है।