चंडीगढ़ : विदेश में पंजाबियों का जलवा बरकरार है। पंजाब के मूल निवासी मिकी होथी ने कैलिफोर्निया में इतिहास रच दिया है। वह उत्तरी कैलिफोर्निया के लोदी शहर के मेयर बन गए हैं। उन्हें सर्वसम्मति से चुना गया है। होथी के माता-पिता भारत के पंजाब के रहने वाले हैं। मिकी शहर के इतिहास में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले पहले सिख बन गए हैं। उनकी इस नियुक्ति से कैलिफोर्निया और भारत में रहने वाले पंजाबियों में खुशी की लहर है। होथी का नव-निर्वाचित पार्षद लिसा क्रेग ने नामांकन किया, जिन्होंने नवंबर में मेयर मार्क चैंडलर की सीट के लिए चुनाव जीता था। बुधवार की बैठक के दौरान सर्वसम्मति से उन्हें उपमहापौर चुना गया। 

वहीं, मिकी होथी ने शुक्रवार को ट्वीट किया कि लोदी शहर के 117वें मेयर के रूप में शपथ ग्रहण कर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। कैलिफोर्निया मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आर्मस्ट्रांग रोड पर गुरुद्वारा की स्थापना में उनके परिवार का भी महत्वपूर्ण योगदान था। होथी ने कहा कि हमारा अनुभव हिस्पैनिक समुदाय के समान है जो ग्रीक और जर्मन समुदाय की तरह हमसे पहले आया था। उन्होंने कहा कि हर कोई लोदी आया, क्योंकि उन्हें अहसास हुआ कि यह एक सुरक्षित पारिवारिक शहर था। इस शहर में महान शिक्षा से जुड़े महान लोग, महान संस्कृति, महान मूल्य और सिर्फ कड़ी मेहनत करने वाले लोग हैं। मुझे इस समुदाय के अगले मेयर के रूप में प्रतिनिधित्व करने पर गर्व है।