झारखंड में हजारीबाग जिले के सिवाने पुल पर हुए हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। शनिवार को टाटीझरिया प्रखंड के सिवाने नदी के पुल से सिख समाज के लोगों को गिरिडीह से लेकर रांची जा रही बस नीचे गिर गई। यह घटना दोपहर 4.30 बजे घटित हुई। इसमें 8 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में चार महिला और चार पुरुष शामिल हैं। बस में 52 लोग सवार थे। यात्रियों में छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल थे। पांच घायलों को रांची रिम्स रेफर किया गया है। बाकी लोगों का प्राथमिक इलाज एचएमसीएच, क्षितिज और आरोग्यम में किया गया।

बस हादसे में लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री हेमं सोरेन ने दुख जताया। जानकारी के अनुसार, गड्ढे में चक्का चले जाने पर पत्ती टूट गई। पत्ती टूटते ही बस पुल से करीब 20 फीट नीचे खाई में जा गिरी। बस के नदी की तलहटी में गिरते ही चीख-पुकार मच गई। घायलों को इलाज के लिए एचएमसीएच भेजा गया। सभी मृतक गिरिडीह के निवासी हैं। घटना में एक लूना सवार भी घायल हो गया, जो उत्तरप्रदेश का रहने वाला है।

घटना पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि 'टाटीझरिया में पुल से बस के गिरने से यात्रियों के हताहत होने से मन व्यथित है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे। जिला प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य किया जा रहा है। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।'