पंजाब में बार्डर सिक्योरिटी फोर्स अमृतसर खासा हेडक्वार्टर के तहत गांव दरिया मन्सूर पर मंगलवार तड़के जवानों ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। बीएसएफ जवानों ने घुसपैठिए के शव के पास एक पंप एक्शन शॉटगन बरामद की है।  इलाके की सघन तलाशी चल रही है।

जानकारी के मुताबिक जवान भारत-पाक सीमा स्थित गांव दरिया मन्सूर पर मंगलवार तड़के पेट्रोलिंग कर रहे थे। इस दौरान जवानों ने पाकिस्तान की तरफ से एक व्यक्ति को घुसपैठ करते देखा और चुनौती दी, लेकिन घुसपैठिया लगातार आगे बढ़ता रहा। घुसपैठिए को रोकने का प्रयास करते हुए उसे आत्मसमर्पण करने को कहा गया। लेकिन घुसपैठिए ने बीएसएफ जवानों पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी फायर कर पाक घुसपैठिए को ढेर कर दिया। 

इसके तुरंत बाद बल के जवानों ने पूरे इलाके को घेर लिया और सर्च अभियान चलाया। जवानों ने शव के पास से एक गन बरामद की। हालांकि शव के पास कोई  दस्तावेज या अन्य कोई पहचानपत्र नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। बीएसएफ के अधिकारी बहुत जल्द इसे लेकर पाक रेंजर्स के साथ बैठक कर इसका विरोध दर्ज करवाएंगे। इस साल पंजाब में सीमा पर यह पहली मुठभेड़ है।  पिछले साल बीएसएफ ने पंजाब में दो पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया था और 23 अन्य को गिरफ्तार किया था।