विद्यार्थियों के लिए बड़ा मौका, विभिन्न कोर्सों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू
हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (UG), स्नातकोत्तर (PG) और पीएचडी (PhD) पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। एडमिशन के इच्छुक छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर 15 जून तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कांबोज ने बताया कि बीटेक (एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग) और बीटेक-एलईईटी (LEET) कोर्स में दाखिले हरियाणा राज्य काउंसलिंग सोसायटी द्वारा जेईई (JEE Main 2026) और एलईईटी-2026 की मेरिट के आधार पर किए जाएंगे। आवेदन शुल्क सामान्य श्रेणी के लिए 1500 रुपये और एससी, बीसी, ईडब्ल्यूएस व दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 375 रुपये तय किया गया है।
स्नातक (UG) कोर्सेज में प्रवेश के लिए नियम
विश्वविद्यालय के अलग-अलग अंडरग्रेजुएट कोर्सेज में दाखिले के लिए योग्यता और प्रवेश परीक्षाएं अलग-अलग तय की गई हैं। 2+4 साल के बीएससी (ऑनर्स) एग्रीकल्चर कोर्स में प्रवेश 10वीं कक्षा के बाद होने वाले 'एग्रीकल्चर एप्टीट्यूड टेस्ट' के जरिए होगा। इसके अलावा, 12वीं पास कर चुके छात्रों के लिए 4 वर्षीय बीएससी (ऑनर्स) एग्रीकल्चर, बीएफएससी, बीएससी (ऑनर्स) कम्युनिटी साइंस, एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट, फिजिकल साइंसेज, लाइफ साइंसेज और बीटेक बायोटेक्नोलॉजी जैसे पाठ्यक्रमों में दाखिला यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित एंट्रेंस एग्जाम की मेरिट पर दिया जाएगा।
पीजी और पीएचडी के लिए इन विषयों में मिलेगा मौका
पोस्ट ग्रेजुएट (PG) कोर्सेज में एडमिशन के लिए छात्रों को 'कॉमन एंट्रेंस टेस्ट' पास करना होगा। इस बार यूनिवर्सिटी के विभिन्न कॉलेजों जैसे कृषि महाविद्यालय, मौलिक एवं मानविकी महाविद्यालय, सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय, कृषि अभियांत्रिकी, बायोटेक्नोलॉजी और फिशरीज साइंस कॉलेज में ढेरों विषय उपलब्ध हैं। इनमें मुख्य रूप से एग्रोनॉमी, हॉर्टिकल्चर, माइक्रोबायोलॉजी, फूड साइंस, मॉलिक्यूलर बायोलॉजी और एक्वाकल्चर जैसे विषय शामिल हैं। कुलपति ने स्पष्ट किया कि सीएसआईआर-यूजीसी-जेआरएफ (CSIR-UGC-JRF) और आईसीएआर (ICAR) क्वालिफाइड छात्रों के पीएचडी दाखिले इसी सेमेस्टर में होंगे, जबकि हरियाणा के मूल निवासी छात्रों के लिए पीएचडी प्रवेश परीक्षा दूसरे सेमेस्टर में कराई जाएगी।
एमबीए और पीजी डिप्लोमा के विकल्प भी मौजूद
कृषि और तकनीकी विषयों के साथ-साथ विश्वविद्यालय व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का संचालन भी कर रहा है। गुरुग्राम स्थित 'इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट एंड एग्रीप्रेन्योरशिप' में छात्र एमबीए एग्रीबिजनेस, एमबीए जनरल, मास्टर्स इन रूरल मैनेजमेंट और रूरल मैनेजमेंट में पीएचडी के लिए आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. पवन कुमार ने बताया कि इसके अलावा रिमोट सेंसिंग, जीआईएस एप्लीकेशन, ह्यूमन न्यूट्रिशन एंड डाइटेटिक्स और स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन जैसे रोजगारपरक पीजी डिप्लोमा कोर्स भी युवाओं के लिए उपलब्ध हैं।
केवल हरियाणा के मूल निवासियों को मिलेगा लाभ
कुलपति प्रो. बीआर कांबोज ने साफ किया है कि इन सभी सीटों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास हरियाणा का स्थायी निवासी प्रमाणपत्र (डोमिसाइल) होना अनिवार्य है। प्रवेश से जुड़ी तमाम जानकारियां, जैसे कुल सीटों की संख्या, जरूरी योग्यता और महत्वपूर्ण तारीखों का विस्तृत विवरण विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट hau.ac.in और admissions.hau.ac.in पर जारी प्रोस्पेक्टस में देखा जा सकता है।
