रांची। रांची पुलिस ने खेलगांव इलाके से 17 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन आरोपित सुमन कुमार, ऋषिकेश कुमार और अभिषेक रंजन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सुमन और ऋषिकेश सदर इलाके में रहते हैं और अभिषेक बरियातू इलाके का रहने वाला है।

एएसआई का बेटा है सुमन

सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नामकुम से लेकर खेलगांव के बीच ब्राउन शुगर का एक बड़ा तस्कर सुमन रहता है जो कि बड़े पैमाने पर ब्राउन शुगर सप्लाई करता है।

सुमन पुलिसकर्मी का बेटा है। सुमन के पिता जामताड़ा जिला बल में एएसआई के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस ने खेलगांव इलाके में छापामारी कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

सासाराम से रांची में ब्राउन शुगर करता था सप्‍लाई

पुलिस का कहना है कि इस गिरोह का सरगना सुमन है। सुमन सासाराम से ब्राउन शुगर लाता है और रांची में सप्लायरों को ब्राउन शुगर देता है। सुमन सप्लायारों के अलावा किसी को ब्राउन शुगर नहीं देता था। सुमन को पता था कि ग्राहकों को ब्राउन शुगर देने से वह पुलिस की गिरफ्त में जल्द आ जाएगा।

सुमन पिछले पांच साल से ब्राउन शुगर का कारोबार कर रहा है। पुलिस का कहना है कि रांची पुलिस की एक टीम सासाराम गई है। सासाराम में जो व्यक्ति ब्राउन शुगर सुमन को देता था उसका नाम पता पुलिस को मिल गया है।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले में मुख्य आरोपित को सासाराम से गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपित सुमन ने कई सप्लायारों का नाम पुलिस को बताया है। पुलिस सभी का सत्यान कर रही है।

एक लाख से अधिक का ब्राउन शुगर लेने पर सुमन करता था सप्लाई

सिटी एसपी राजकुमार मेहता का कहना है कि सुमन उन्हीं सप्लायारों को ब्राउन शुगर देता था तो एक लाख रुपये से अधिक का ब्राउन शुगर लेते थे। सुमन इंटरनेट मीडिया से सप्लायारों से संपर्क में रहता था।

सुमन फोन पर बातचीत नहीं करता था। सुमन ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से पुलिस काफी सक्रिय हो गई थी। इस वजह से वह ज्यादा सप्लायारों को ब्राउन शुगर नहीं देता था। लेकिन कुछ सप्लायारों को पुलिस ने जेल भेजा तो पुलिस को सुमन के बारे में जानकारी मिली गई।

तीन माह में 44 ब्राउन शुगर के कारोबारी भेजे गए जेल

रांची पुलिस पिछले तीन माह में ब्राउन शुगर का कारोबार करने वाले 44 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। सिटी एसपी राजकुमार मेहता का कहना है कि शहर में 50 फैमली ऐसी है जो पुलिस के संपर्क में है।

इस फैमली के लोग पुलिस को सूचना देते हैं कि कहां ब्राउन शुगर मिलता है और किसके द्वारा बेचा जाता है। पुलिस ने डोरंडा इलाके से एक तस्कर को 14 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस तस्कर के बारे में इन्हीं फैमली में से एक फैमली के सदस्य ने पुलिस को सूचना दी थी।