विकासनगर में देर रात उपद्रव, असामाजिक तत्वों ने पांच दोपहिया वाहनों में लगाई आग
चकराता: लाखामंडल-क्वांसी-चकराता मार्ग पर स्थित सांगवाधार में बीती रात शरारती और असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। उपद्रवियों ने सड़क के किनारे खड़े स्थानीय ग्रामीणों के पांच दोपहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया। आग इतनी भीषण थी कि सभी वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं। इस घटना के बाद से ही पूरे इलाके के लोगों में जबरदस्त आक्रोश और नाराजगी देखी जा रही है।
पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को बनाया निशाना
पुनाह पोखरी के क्षेत्र पंचायत सदस्य सरदार सिंह चौहान ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि धारकोट के रहने वाले दिनेश कुमार, गोगी, पिरमू, अमित कुमार और म्यूंडा गांव निवासी चंद्रू ने रोज की तरह अपने वाहनों को सांगवाधार के पास सड़क किनारे पार्क किया था और अपने-अपने घर चले गए थे। देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने वहाँ खड़ी एक स्कूटी और चार मोटरसाइकिलों सहित कुल पांच वाहनों को आग लगा दी। सुबह जब ग्रामीणों को इस बात का पता चला, तो वहाँ हड़कंप मच गया।
नशेड़ियों पर गहराया शक, पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों की चेतावनी: स्थानीय ग्रामीणों को आशंका है कि इस कायराना हरकत को इलाके में सक्रिय रहने वाले नशेड़ी और आवारा किस्म के असामाजिक तत्वों ने अंजाम दिया है।
घटना स्थल पर जुटे पीड़ित वाहन स्वामियों और ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन से इस पूरे मामले की गहनता से जांच करने और आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ तत्काल सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की है।
