रांची। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) शुक्रवार को दो दिवसीय झारखंड दौरे (PM Modi Jharkhand visit) पर शाम 6:35 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। संभवत: प्रधानमंत्री के आगमन से कुछ देर पूर्व सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिला प्रशासन की ओर से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से हरमू बाइपास रोड होते हुए रातू चौक तक सड़क मार्ग पर वाहनों का आवागमन बंद किया जाएगा।

नतीजतन आम लोगों को संबंधित मार्ग से होकर आवागमन करने में परेशानी होगी। इसलिए आम लोग संध्या चार बजे से पूर्व वैकल्पिक मार्ग को अपनाएं। कांके रोड से हरमू रोड होकर बिरसा चौक जाने वाले वाहन चालक कांके रिंग रोड होकर नया सराय होकर अपने-अपने गंतव्य की ओर जाएं।

पिस्का मोड़ से रातू रोड की ओर आने वाले वाहन चालक रिंग रोड, कांके रोड, राम मंदिर, मोरहाबादी, बरियातू रोड का इस्तेमाल करें। धुर्वा से बिरसा चौक होकर हिनू की ओर जाने वाले वाहन चालक धुर्वा से सिंह मोड़, सदाबहार चौक, डोरंडा होकर अपने-अपने गंतव्य की ओर जाएं।

हवाई यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रांची आगमन (PM Modi in Ranchi) के दौरान हवाई यात्रा के लिए बिरसा मुंडा एयरपोर्ट जाने वाले यात्री व हवाई अड्डा से अपने गंतव्य तक जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाएं।

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट (Ranchi Airport) से अपने गंतव्य की ओर जाने वाले यात्री वैकल्पिक मार्ग के तहत हेथू-तुम्बागुटू-करमटोली-कुम्हार कुटिया चौक (तूफानी इंक्लेव) मार्ग वाया रिंग रोड-खरसीदाग व दूसरी ओर सदाबहार चौक, नामकुम मार्ग होकर आवागमन करें।

इसी प्रकार, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट जाने वाले यात्री वैकल्पिक मार्ग के तहत हेथू-तुम्बागुटू, बड़काटोली, चंदाघासी वाया भुसूर (प्राथमिक विद्यालय, भुसूर) मार्ग वाया रिंग रोड, आर्मी एविएशन कैंप, एयरपोर्ट मैदान, पोखरटोली नीम चौक, ख्वाजानगर मनीटोला वाया डोरंडा होते हुए या सिंह मोड़ से लटमा रोड होते हुए हेथू से एयरपोर्ट पहुंचें।

6:35 से पूर्व उड़ान भरने वाले विमान

  • रांची-बेंगलुरु आइ5 1782 17:10 बजे
  • रांची-दिल्ली 6ई 2286 17:30 बजे
  • रांची-दिल्ली आइ5-778 18:30 बजे
  • 6:35 से पूर्व पहुंचने वाले विमान
  • दिल्ली-रांची आइ5 776 17:55 बजे
  • चेन्नई-रांची 6ई 6113 18:40 बजे
  • बेंगलुरु-रांची आइ5 978 18:50 बजे