इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में रोहित शर्मा अपने फॉर्म में वापस आ गए। तीन विकेट जल्द गिरने के बाद रोहित ने जडेजा के साथ मिलकर न सिर्फ पारी को संभाला बल्कि तूफानी बल्लेबाजी करते हुए अपने नाम एक और रिकॉर्ड दर्ज कर लिया।

गौरतलब हो कि राजकोट में भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत ने तीन विकेट 33 के स्कोर पर ही गंवा दिए थे। इसके बाद रोहित और जडेजा ने मिलकर भारतीय पारी को संवारा।

महेंद्र सिंह धोनी को छोड़ा पीछे

संभलकर खेलते हुए रोहित ने अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद कुछ दर्शनीय शॉट लगाए। रोहित ने रूट के ओवर में अपनी पारी का दूसरा सिक्स जड़ा। इस सिक्स की मदद से वह भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा सिक्स जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया।

इसके अलावा रोहित ने एक कप्तान के रूप में भारत के लिए सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। रोहित शर्मा ने महेंद्र सिंह धोनी के रिकॉर्ड की बराबरी की। पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने बतौर कप्तान 211 सिक्स जड़े थे। रोहित ने भी बतौर कप्तान 211 सिक्स जड़ दिए हैं।

रोहित के अलावा रविंद्र जडेजा ने भी तीसरे टेस्ट मैच में अपना जलवा दिखाया। रोहित का साथ देते हुए जडेजा ने अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके अवाला चौथे विकेट के लिए रोहित के साथ महत्वपूर्ण शतकीय साझेदारी की। दोनों ने मिलकर भारतीय टीम को संकट से बाहर निकाला।