नई दिल्ली । देश के अनेक हिस्सों में इन ‎दिनों भारी बारिश का दौर जारी है। हिमाचल प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तथा मुंबई से लेकर ओडिशा तक हर जगह बा‎रिश से हाल बेहाल हैं। इधर देश की राजधानी दिल्ली में तो यमुना का जलस्तर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बारिश और बाढ़ के मद्देनजर कई राज्यों में ज्यादातर स्कूल बंद हैं। मौसम विभाग ने तो अगले पांच दिनों के दौरान मध्य और पूर्वी भारत में सक्रिय मानसून की स्थिति बनी रहने की संभावना व्यक्त की है। इसके अलावा देश के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में भारी बारिश, तूफान और आकाशीय बिजली गिरने के साथ ही भीषण बारिश होने की चेतावनी दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसर उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में 18 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की उम्मीद है। इसके बाद ही बारिश में कमी आने की संभावना है। आईएमडी ने यह भी कहा कि अगले पांच दिनों के दौरान मध्य और पूर्वी भारत में सक्रिय मानसून की स्थिति बनी रहने की संभावना है। देश के पश्चिमी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। यह भी कहा कि कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। गुजरात में 19 जुलाई को मौसम का यही मिजाज देखने को मिल सकता है।
देश की राजधानी दिल्ली में बारिश के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। यह ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में कई दिनों तक हुई भारी बारिश के बाद यमुना में जलस्तर के खतरे के निशान के पार जाने के कारण बाढ़ का सामना कर रही है। गौरतलब है ‎कि ‘येलो’ अलर्ट मौसम की खराब स्थिति के प्रति सचेत करता है। बारिश से यमुना के जलस्तर में और वृद्धि होने की आशंका है, जो पिछले कुछ दिनों से खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर बह रही है। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, शनिवार सुबह सात बजे यमुना का जलस्तर घटकर 207.62 मीटर पर आ गया, जो बृहस्पतिवार रात आठ बजे अपने चरम 208.66 मीटर पर था। दिल्ली में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 85 फीसदी दर्ज की गई।
इधर हिमाचल प्रदेश में बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। मौसम विभाग के स्थानीय कार्यालय ने 15 से 17 जुलाई तक लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर राज्य के 12 जिलों में से 10 में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही, इसने भूस्खलन, अचानक बाढ़ आने, और नदियों व नालों के जलस्तर में वृद्धि का अनुमान भी जताया है। मौसम कार्यालय ने 18 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। 21 जुलाई तक राज्य में बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। यहां अब तक 284.1 मिलीमीटर(मिमी) बारिश हुई है, जो सामान्य बारिश यानी 110.4 मिलीमीटर से 157 प्रतिशत अधिक है। राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से भारी बारिश जारी है।