पुणे। जिले की प्रतिष्ठित सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल के चुनाव परिणामों में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस (NCP) समर्थित पैनल ने शानदार प्रदर्शन किया है। शुरुआती रुझानों और मतगणना के दौर में सुनेत्रा पवार के पैनल के उम्मीदवारों ने भारी बढ़त हासिल कर ली है, जिससे विरोधी खेमे में खलबली मची हुई है।

21 सीटों के लिए हुआ था कड़ा मुकाबला

सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल की 21 सीटों के लिए रविवार को लगभग 75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जिसके बाद सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू हुई। इस त्रिकोणीय मुकाबले में कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। राज्य के सहकारिता क्षेत्र में इस चुनाव को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि एनसीपी के विभिन्न गुटों और बागी नेताओं के बीच सीधी टक्कर देखने को मिली है।

सुनेत्रा पवार के पैनल का दबदबा

मतगणना के दौरान सामने आए परिणामों और रुझानों में ‘श्री सोमेश्वर विकासपुरुष अजितदादा पवार पैनल’ के उम्मीदवारों ने बढ़त बनाते हुए अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। अभिजीत काकड़े, प्रमोद काकड़े, वसंतराव दगड़े और संग्राम सोरटे जैसे उम्मीदवारों की जीत व बढ़त से समर्थकों में भारी उत्साह का माहौल है। चुनाव से पहले उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने सभी 21 सीटों पर जीत दर्ज करने का जो भरोसा जताया था, शुरुआती रुझान उसी दिशा में आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं।

बागी और विरोधी गुट पिछड़े

इस चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस से बगावत कर पुरुषोत्तम जगताप ने भाजपा के समर्थन से अपना अलग पैनल मैदान में उतारा था, वहीं शरद पवार गुट से युगेंद्र पवार के नेतृत्व में भी एक पैनल चुनाव लड़ रहा था। हालांकि, अब तक की मतगणना में विरोधी और बागी गुट के उम्मीदवार काफी पीछे छूट गए हैं। सभी सीटों के अंतिम परिणाम आधिकारिक तौर पर जल्द ही पूरी तरह स्पष्ट हो जाएंगे।