स्मृति ईरानी और अनुराग ठाकुर को लेकर BJP में हलचल, आज मिल सकती है अहम जिम्मेदारी
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के केंद्रीय संगठन में जल्द ही बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपनी नई टीम के गठन को अंतिम रूप दे रहे हैं। इस नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही पार्टी के भीतर कई बड़े बदलावों पर मुहर लगने की संभावना है।
दिग्गज चेहरों की हो सकती है वापसी
राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी को संगठन में दिए जाने वाले संभावित पदों की है। पिछले लोकसभा चुनाव के बाद से दोनों नेता अग्रिम पंक्ति से दूर नजर आ रहे थे। ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी आलाकमान इन अनुभवी नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपकर संगठन को मजबूती देने की तैयारी में है।
युवा और महिला चेहरों का रहेगा संतुलन
पार्टी सूत्रों का कहना है कि नई टीम का गठन केवल पुराने अनुभवी नेताओं तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें युवा ऊर्जा और महिलाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। टीम की औसत उम्र लगभग 50 वर्ष रखने का खाका तैयार किया गया है, जिससे अनुभव और आधुनिक सोच का बेहतर तालमेल बिठाया जा सके। साथ ही, क्षेत्रीय संतुलन साधने के लिए अलग-अलग राज्यों के प्रतिनिधियों को स्थान दिया जाएगा।
नितिन नबीन के नेतृत्व में पहली नई टीम
महज 45 वर्ष की उम्र में बीजेपी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नबीन की अध्यक्षता में यह पहला बड़ा संगठनात्मक पुनर्गठन है। उनकी नियुक्ति को पार्टी के भीतर एक 'जनरेशनल शिफ्ट' (पीढ़ीगत बदलाव) के तौर पर देखा गया था। ऐसे में उनकी नई टीम से यह साफ होगा कि पार्टी भविष्य की राजनीति को किस दिशा में ले जाना चाहती है।
नितिन नवीन की नई टीम-
- स्मृति ईरानी को नितिन नवीन की टीम में जगह मिलेगी, महामंत्री बनाया जाएगा.
- विनोद तावड़े, सुनील बंसल नितिन नवीन की टीम में रहेंगे.
- नितिन नवीन की टीम में हरीश द्विवेदी महामंत्री बनेंगे, हरीश द्विवेदी ब्राह्मण चेहरा हैं.
- नितिन नवीन की टीम में संजय भाटिया को भी जगह, संजय भाटिया ABVP से जुड़े रहे हैं.
संजय भाटिया
- हरियाणा बीजेपी के वरिष्ठ नेता, लंबे समय से बीजेपी के संगठन में सक्रिय
- संजय भाटिया पंजाबी समुदाय से आते हैं, 2019 में करनाल से लोकसभा सांसद चुने गए
- 2024 में मनोहर लाल खट्टर के लिए सीट छोड़ी, 2026 में बीजेपी ने हरियाणा से राज्यसभा भेजा
- राजनीतिक जमीन पानीपत–करनाल में है, मनोहर लाल खट्टर के करीबी हैं.
हरीश द्विवेदी
- हरीश चंद्र द्विवेदी ब्राह्मण जाति से आते हैं, 2014 और 2019 में यूपी के बस्ती से सांसद
- 2024 का लोकसभा चुनाव बस्ती से हारे, राजस्थान निकाय चुनाव के लिए BJP ने प्रभारी बनाया
- 2024 से असम में बीजेपी प्रभारी का दायित्व, राजनीति विज्ञान में एमए किया है
- ABVP से राजनीतिक शुरुआत, BJPYM के यूपी प्रदेश अध्यक्ष भी रहे
विनोद तावड़े
- महाराष्ट्र बीजेपी के वरिष्ठ नेता, 2021 से बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव
- 2026 से महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद, विनोद तावड़े की जातीय पहचान मराठा
- फडणवीस सरकार में कई विभागों के मंत्री रहे, बीजेपी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं
सुनील बंसल
- बीजेपी में संगठन के वरिष्ठ नेता, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी
- 2022 में राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया, चुनावी रणनीति बनाने में माहिर, बंगाल में बीजेपी की जीत में बड़ी भूमिका
डॉ. हेमांग जोशी
- गुजरात के वडोदरा से सांसद, BJYM गुजरात के अध्यक्ष भी रहे
- यूथ को करीब लाने की जिम्मेदारी
2027 के आगामी चुनावों पर नजर
संगठन में यह फेरबदल महज एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इसका सीधा ताल्लुक 2027 में होने वाले कई राज्यों के विधानसभा चुनावों से है। अध्यक्ष नितिन नबीन खुद जमीनी स्तर की स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने हाल ही में उत्तर प्रदेश के दो दर्जन से अधिक सांसदों से सीधी बातचीत की है, ताकि क्षेत्रवार और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखकर रणनीति तैयार की जा सके।
