शहर में बुधवार रात हुई तेज बारिश ने लोगों को तपती गर्मी से राहत दिलाई है। बीते 24 घंटे में 18.4 एमएम बारिश हुई है। बारिश की वजह से तापमान में पांच डिग्री की गिरावट आई है। बुधवार रात का तापमान 18.6 डिग्री रिकार्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिन बारिश के आसार बने हुए हैं, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। बीती रात पंजाब में सबसे अधिक बारिश नवांशहर 82.0 और जालंधर 36.0 एमएम हुई है।

शहर में आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। बीच-बीच में धूप भी निकल रही है। साथ में हल्की ठंडी हवा भी चली। मौसम विभाग ने चंडीगढ़ समेत पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में 29 मई तक बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। आज और कल चंडीगढ़, पंजाब के माझा, दोआबा, पूर्व मालवा के कई जिलों और उत्तर व दक्षिण हरियाणा के अधिकांश जिलों में 50 से 60 किमी की रफ्तार से आंधी, गरज, चमक, तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि का भी अलर्ट है।