ग्यासपुरा की सम्राट कालोनी इलाके में आयोजित एक परिवार के घर शादी समारोह में आए युवक ने बहला फुसला कर नाबालिग को शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म कर लिया। अब 4 महीने का गर्भपात कराने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। गंभीर हालत में उसे पटियाला स्थित राजिंद्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके पिता के अनुसार वहां उसे आईसीयू में वेंटीलेटर पर रखा गया है।

अब थाना साहनेवाल पुलिस ने विकास शाह नाम के युवक पर दुष्कर्म तथा पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू की है। एएसआई जसपाल सिंह ने बताया कि उक्त केस न्यू सम्राट कालोनी निवासी महिला की शिकायत पर दर्ज किया गया।

शादी का झांसा देकर बनाता रहा शारीरिक संबंध

पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि उसके 4 बच्चे हैं। करीब 5 दिन पहले उसकी सबसे बड़ी बेटी ने उसे बताया कि उसकी 17 वर्षीय छोटी बहन 4 महीने के गर्भ से है। आरोपित उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। जसपाल सिंह ने बताया कि आरोपित का पूरा पता नहीं मिल सका है। फिलहाल पीड़िता की मां के बयान पर पर्चा दर्ज किया गया है। बच्ची जब बयान देने के लायक हो जाएगी तो उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बच्ची डर के मारे किसी को कुछ ना बता सकी

दूसरी और नाबालिग के पिता ने बताया कि उसकी बेटी दसवीं की छात्रा है। करीब 4 महीने पहले उसके पड़ोसियों के घर में शादी थी। उसी शादी में आरोपित भी आया था। अपने साथ हुए दुराचार के बारे में बच्ची डर के मारे किसी को कुछ नहीं बताया। करीब 5 दिन पहले उसके पेट में दर्द शुरू हुआ। जिसके बाद उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें उसके गर्भवती होने के बारे में पता चला। वहां से उसे सिविल अस्पताल भेज दिया और वहां से पटियाला रेफर कर दिया गया।