भट्टियां बेट इलाके में रहने वाले 15 वर्षीय किशोर ने पड़ोस में रहने वाली 13 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। करीब 6 महीने पहले हुए उस कृत्य पर पर्दा ही पड़ा रहता, अगर वो बच्ची अपनी बुआ के घर पहुंचकर अपना मुंह न खोलती।

अब थाना सलेम टाबरी पुलिस ने आरोपित पर केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया। बुधवार उसे अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया।

एएसआई हरजीत सिंह ने बताया कि उक्त केस हैबोवाल के प्रतापपुरा की गली नंबर-3 निवासी महिला की शिकायत पर दर्ज किया गया। अपने बयान में उसने बताया कि उसका भाई भट्टियां बेट में किराए के मकान में रहता है। उसकी पत्नी उससे अलग होकर होशियारपुर के गांव चब्बेवाल अपने मायके में रह रही है।

नवंबर 2022 में उसका भाई अपने तीनों बच्चों को उस किराए वाले घर में छोड़ कर शिमला कपड़ों की सेल लगाने के लिए गया था। वहां से वापस आकर वो बच्चों समेत मिलने के लिए शिकायतकर्ता बहन के घर गया। जहां शिकायतकर्ता महिला को उसकी 13 वर्षीय बेटी बीमार जैसी लगी।

दी जान से मारने की धमकी

प्यार से पूछने पर उसने बताया कि पड़ोस के कमरे में रहने वाले आरोपित ने उसके पिता की गैर-मौजूदगी में उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। किसी को बताने की सूरत में उसे जान से मारने की धमकियां भी दीं। हरजीत सिंह ने बताया कि आरोपित और पीड़िता का सिविल अस्पताल से मेडिकल कराया गया है।