पंजाब को नशे और चंडीगढ़ को ट्रैफिक जाम से आजादी का संकल्प, प्रशासक ने फहराया तिरंगा
चंडीगढ़
आजादी के जश्न पर पंजाब को नशे और चंडीगढ़ को ट्रैफिक जाम से मुक्ति का संदेश मिला। यह संदेश पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया की ओर से दिया गया। उन्होंने शनिवार को सेक्टर-17 के परेड ग्राउंड में हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह में परेड की सलामी के साथ ध्वजारोहण किया।
समारोह में संतरी रंग की पगड़ी पहनकर पहुंचे प्रशासक ने कहा कि पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने नशा तस्करी में शामिल 70 हजार लोगों को जेल भेजने का दावा किया और कहा कि यह जंग जारी रहेगी।
इसके साथ ही प्रशासक ने कहा कि चंडीगढ़ वालों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। चंडीगढ़ आने-जाने वाले जीरकपुर में घंटों जाम में फंसे रहते हैं, जिसका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
समारोह के दौरान स्कूली बच्चों और कॉलेज के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। पुलिस के जवानों ने भी करतब दिखाए। इस दौरान शहर में ट्रैफिक और सुरक्षा को लेकर पुलिस के पुख्ता इंतजाम रहे।
