राजस्थान : धौलपुर में गंगा दशहरा का पर्व धूमधाम से मनाया गया। शहर के ऐतिहासिक तीर्थराज मचकुंड में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। तीर्थराज मचकुंड में स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मचकुंड तट पर ही मंदिरों में पूजा-अर्चना कर दान दक्षिणा देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। तीर्थराज पर भीड़ के चलते पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।

ज्येष्ठ मास शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को गंगा दशहरा का त्योहार मनाया जाता है। गंगा दशहरा के पर्व पर सभी तीर्थों के भांजा ऐतिहासिक तीर्थराज मचकुंड में स्नान करने का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इसी दिन गंगा जी का अवतरण हुआ था। तभी से लोग इस दिन गंगा स्नान का विशेष महत्व मानते हैं। मंगलवार को गंगा दशहरा का पर्व श्रद्धा पूर्वक मनाया गया। इस दौरान लोगों ने मचकुंड में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। सुबह से ही लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी।

भीड़भाड़ और जाम से बचने के लिए सुबह सवेरे ही अपने घरों से निकले और कुछ श्रद्धालुओं ने ब्रह्म मुहूर्त में स्नान किया। इसके बाद से श्रद्धालुओं का तट पर आना-जाना लगा रहा। इसके बाद पंडितों और साधुओं को आटा, चावल, उड़द, गुड़, शरबत और पंखे आदि श्रद्धानुसार दान तथा दक्षिणा देकर पुण्य लाभ अर्जित किया।