बीपीटीपी थाना क्षेत्र में सौतेली मां पर चार साल के बेटे की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने बच्चे के पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद आरोपित महिला को गिरफ्तार करने की बात कह रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टी नहीं हुई है। गांव मेहलवारा जिला दामोह मध्यप्रदेश के रहने वाले देवीदीन पटेल यहां गांव बडौली में किराये के मकान में रहते हैं और टैक्सी चलाते हैं।

कुछ साल पहले उनकी पत्नी का निधन हो गया था। उनका अक्षय नाम का चार साल का बेटा था। करीब डेढ़ साल पहले देवीदीन ने एक महिला से दूसरी शादी कर ली। अक्षय को पांच-छह दिन से बुखार आ रहा था। 21 फरवरी की रात करीब 11 बजे स्वास्थ्य बिगड़ने पर अक्षय को सेक्टर आठ के सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

देवीदीन ने समझा कि अक्षय की मौत बीमारी के कारण हुई है। उन्होंने किसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जरूरत नहीं समझी। अस्पताल से पुलिस को अक्षय की मौत की जानकारी मिलने पर 
शव को बादशाह खान अस्पताल से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम शुक्रवार को कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला की अक्षय बीमार नहीं बल्कि उसकी गला दबाने से मौत हुई है। इसके बाद अक्षय पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

दूसरी पत्नी चाहती थी अपनी संतान, पति करता रहा इन्कार

देवीदीन दूसरी पत्नी से संतान नहीं चाहता था, लेकिन महिला संतान चाहती थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। इसी बात को लेकर महिला ने पति को सबक सिखाने की ठान ली। उसने अक्षय की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस आयुक्त ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच डीएलएफ को सौंप दी है। क्राइम ब्रांच का कहना है कि जांच के बाद महिला को गिरफ्तार किया जाएगा।