मुंबई: आईआईटी बॉम्बे के बीटेक द्वितीय वर्ष के 22 वर्षीय छात्र साहिल वाकोडे की पिछले महीने परीक्षा के बाद हॉस्टल के कमरे में हुई संदेहास्पद मृत्यु के मामले में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना से ठीक पहले साहिल को परीक्षा के दौरान नकल करते हुए पकड़ा गया था, जिसके बाद उसने संस्थान को एक लिखित माफीनामा और स्पष्टीकरण सौंपा था।

लिखित माफी और सुधार का अनुरोध

पुलिस के मुताबिक, साहिल ने अपने लिखित बयान में स्वीकार किया था कि उससे गलती हो गई थी और वह थर्मोडायनामिक्स थ्योरी (Thermodynamics Theory) की परीक्षा की तैयारी ठीक से नहीं कर पाया था। उसने अपने खत में आगे कभी ऐसी गलती न दोहराने का वादा करते हुए संस्थान से सुधार का एक और मौका देने का भावुक अनुरोध किया था। पुलिस इसी दस्तावेज को आधार बनाकर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

घटना से पहले दोस्त से हुई थी बातचीत

गत 18 सितंबर को परीक्षा समाप्त होने के कुछ ही घंटों बाद साहिल अपने हॉस्टल के कमरे में मृत पाए गए थे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नकल के मामले में पकड़े जाने के तुरंत बाद साहिल ने अपनी एक महिला मित्र से फोन पर बात की थी। बातचीत के दौरान उसने साझा किया था कि उसका पेपर अच्छा नहीं हुआ था और वह परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करना चाहता था, जिसके चलते वह काफी तनाव में था। इसी मानसिक दबाव के बीच यह दुखद घटना घटी।