रेवाड़ी के बावल थाना अंतर्गत धरचाना गांव में मकान का ताला तोड़कर चोरों ने एक लाख 50 हजार रुपए और लाखों रुपए के सामान चोरी कर लिया। वहीं परिवार को जिंदा जलाने का बंदोबस्त करने के लिए चोर ने किचन में रखा गैस सिलेंडर लीक कर दिया। लेकिन सीसीटीवी कैमरे में आरोपी कैद हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी।

पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार

पुलिस को दर्ज शिकायत में चिमनलाल ने बताया कि वह बावल में एक फैक्ट्री में काम करता है। रात को साढ़े 9 बजे वह घर से ड्यूटी पर चला गया। घर पर उसकी पत्नी पूजा व बच्चे थे। सुबह करीब साढ़े 3 बजे उसकी पत्नी पूजा ने फोन पर बताया कि घर में गैस की दुर्गंध आ रही है। वह उसी समय अपने घर पहुंचा। रसोईघर में रखे सिलेंडर को बंद किया। इसके बाद जब बरामदे की ओर गया तो गेट का ताला टूटा हुआ मिला। मकान के एक कमरे में रखी संदूक का सामान बिखरा पड़ा था। उसमें रखे 1.5 लाख रुपए व लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। उसने 112 नंबर पर फोन करते हुए पुलिस को मौके पर बुलाया। 

सीसीटीवी कैमरे से हुई पहचान

चिमनलाल ने बताया कि उसने घर में सीसीटीवी कैमरा लगाया हुआ है। जब उसने पुलिस की मौजूदगी में कैमरे की सीसीटीवी फुटेज देखना शुरू किया, तो गांव का ही सोनू रात को मकान में घुसते और बाहर निकलते हुए देखा गया। फुटेज पुलिस को सौंप दी गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी और परिवार को मारने का प्रयास करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए।