हमारी सरकार दिल्ली के सड़क और ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को सुधारने के लिए दिन-रात मेहनत कर रही है : अरविंद केजरीवाल


नई दिल्ली । आश्रम फ्लाईओवर से गुजरने वाले वाहन चालकों को अब जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज आश्रम फ्लाईओवर के डीएनडी तक विस्तार का लोकार्पण कर दिल्ली- एनसीआर के लोगों को होली का तोहफा दिया। इसके खुलने से आईटीओ, नोएडा और गाजियाबाद से लाजपत नगर जाने वाले लोगों को अब आश्रम फ्लाईओवर पर जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। फ्लाईओवर विस्तार के उद्घाटन अवसर पर दिल्लीवासियों को बधाई देते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आश्रम फ्लाईओवर के खुलने से नोएडा से एम्स तक सिग्नल फ्री सफर कर सकेंगे और लाजपत नगर से आने वाले लोग बिना रुकावट के सराय काले खां और डीएनडी जा सकेंगे। इसके निर्माण के दौरान लोगों को जो परेशानी हुई, उसके लिए मुझे खेद है। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार दिल्ली के सड़क और ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को सुधारने के लिए दिन-रात मेहनत कर रही है। दिल्ली में 101 फ्लाईओवर और अंडरपास हैं। इनमें से 74 पिछले 65 साल में बने थे, जबकि हमारे कार्यकाल में 27 बने हैं। वहीं, 15 फ्लाईओवर, फ्लाईओवर के एक्टेंशन या फ्लाईओवर की डबलिंग के प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। 
आश्रम फ्लाईओवर के डीएनडी तक विस्तार के लोकार्पण के दौरान पीडब्ल्यूडी मंत्री कैलाश गहलोत, कालकाजी से विधायक आतिशी, जंगपुरा से विधायक प्रवीण कुमार और ओखला से विधायक अमानतुल्लाह खान के अलावा लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज आश्रम फ्लाईओवर को जनता के लिए खोला जा रहा है। आश्रम से डीएनडी तक का यह एक्टेंशन है। अभी सुबह और शाम को ऑफिस ऑवर्स के दौरान घंटों तक लंबे-लंबे जाम लगते थे। लेकिन अब इसके खुल जाने से लोगों को जाम से निजात मिलेगी और तीन रेड लाइट सिग्नल फ्री भी हो जाएंगे। अब नोएडा से एम्स तक बिना रेड लाइट के वाहन चालक फर्राटे से जा सकते हैं। आश्रम फ्लाईओवर खुलने पर मैं दिल्ली की जनता को बधाई देता हूं। 
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आश्रम फ्लाईओवर के निर्माण के दौरान लोगों को काफी परेशानी हुई, क्योंकि जब निर्माण कार्य चल रहा था, तो ट्रैफिक की काफी दिक्कत हो रही थी। लेकिन जब भी कोई अच्छा काम होता है, तो थोड़ी तकलीफ तो उठानी पड़ती है। लोगों को जो तकलीफ हुई, उसका मुझे खेद है। मैं समझता हूं कि आश्रम फ्लाईओवर के खुल जाने से लाखों लोगों को फायदा होगा। पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर्स ने बड़ी मेहनत की है। वे सभी बधाई के पात्र हैं। किसी को यकीन नहीं था कि फ्लाईओवर को हम 45 से 60 दिन में पूरा कर लेंगे, लेकिन पूरा करके दिखाया। अभी कुछ छोटे-मोटे काम बचे हैं। जैसे अभी हाईटेंशन तार है। इसलिए कुछ दिन तक अभी इस पर हल्के वाहन चलेंगे। जब हाईटेंशन तार हटा दिए जाएंगे, तो भारी वाहनों को भी अनुमति दे दी जाएगी। यह फ्लाईओवर 1425 मीटर लंबा है।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में जब से आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, तब से हम दिल्ली के अंदर इंफ्रास्ट्रक्चर को सुधारने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। खासकर सड़क और ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार करने पर अधिक बल दिया जा रहा है। दिल्ली में अभी तक 101 फ्लाईओवर और अंडरपास हैं। इनमें से लगभग 27 फ्लाईओवर और अंडरपास पिछले 7 साल में हमारी सरकार में बने हैं। पिछले 65 साल में 74 फ्लाईओवर और अंडरपास बने थे और हमारे सात साल के कार्यकाल में 27 बने हैं। 
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के अंदर अभी 15 बड़े-बड़े फ्लाईओवर, फ्लाईओवर के एक्टेंशन या फ्लाईओवर की डबलिंग के प्रोजेक्ट चल रहे हैं, जो आने वाले दिनों में जनता को समर्पित किए जाएंगे। पंजाबी बाग में 6 लेन का फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। उम्मीद है कि इसे इसी साल दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। सराय काले खां के पास एक फ्लाईओवर की डबलिंग का काम चल रहा है। यह 31 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। आनंद विहार के पास रोड नंबर 56 पर फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है, जो 31 अगस्त तक पूरा हो जाएगा। गगन सिनेमा पर मंगल पांडे फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। नेहरू प्लेस के साबित्री सिनेमा के पास फ्लाईओवर की डबलिंग की जा रही है। इसी तरह शालीमार बाग के रोटरी क्लब फ्लाईओवर, नजफगढ़ फिरनी फ्लाईओवर, मां आनंदमयी फ्लाईओवर, त्रिपोलिया गेट से रानी झांसी फ्लाईओवर, ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर, नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर, वजीराबाद सिग्नेचर ब्रिज से डीएनडी फ्लाई-वे तक एलिवेटेड रोड, नेहरू प्लेस फ्लाईओवर का मोदी मील फ्लाईओवर तक एक्सटेंशन, खेड़ा खुर्द तक एलसी-12 रेलवे ओवर ब्रिज पर काम चल रहा है। इन प्रोजेक्ट के पूरे होने से लोगों को जाम से काफी राहत मिलेगी। 
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की सड़कों का सुंदरीकरण करने, रोज सफाई-धुलाई, मैकेनिकल सकिंग मशीन से मिट्टी हटाने का कार्य भी पाइप लाइन में हैं। इस कार्य की जल्द ही शुरूआत की जाएगी। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की 60 फीट से चौड़ी करीब 1480 किलोमीटर सड़कें हैं। पहले चरण में हम पीडब्ल्यूडी की सड़कों की सफाई का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अब कई जगहों पर सड़कें सुंदर दिखने लगी हैं। कई जगह फूल-पत्तियां तो कई जगह अच्छी- अच्छी लाइट दिख रही हैं। सड़कों के सुंदरीकरण का कई जगह काम शुरू हो गया है। हमें दिल्ली और दिल्ली की सड़कों को सुंदर बनाना है। आने वाले दिनों में कई और सड़कें खूबसूरत दिखाने लगेंगी। 
सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘दिल्लीवासियों को बधाई। दिल्ली में आज से एक और फ़्लाईओवर शुरू हो गया है। आश्रम फ्लाईओवर पर बना उसका दूसरा हिस्सा आज से जनता के लिए खोल दिया गया है। इसके शुरू होने से यहां 3 सिग्नल ख़त्म हो जाएंगे। अब आप एम्स और नोएडा के बीच सिग्नल फ्री सफ़र कर पाएंगे और जाम से छुटकारा मिलेगा।’’
आश्रम फ्लाईओवर के खुलने से यात्रा में समय की बचत और जाम से मुक्ति मिलेगी- कैलाश गहलोत
वहीं, पीडब्ल्यूडी मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि दिल्लीवासियों के लिए आज बड़ा दिन है। अब डीएनडी और सराय काले खां तक जाने वाले आश्रम फ्लाईओवर को जनता के लिए खोल दिया गया है। लोगों को आश्रम फ्लाईओवर से एम्स से डीएनडी फ्लाईओवर और सराय काले खां तक सिग्नल-फ्री कॉरिडोर मिलेगा, जो इस क्षेत्र में ट्रैफिक जाम को कम करने में मदद करेगा। यह पिछले कुछ वर्षों से दिल्ली और नोएडा की ओर एक चोक पॉइंट और चौराहे की तरह काम कर रहा है। इसके खुलने से रोजाना यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों की यात्रा का समय कम होगा और जाम से भी मुक्ति मिलेगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार अपने नागरिकों को विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मैं लोक निर्माण विभाग को भी बधाई देना चाहता हूं कि विभाग ने विभिन्न चुनौतियों के बीच इस कठिन कार्य को पूरा करने के लिए केवल रात में निर्माण कार्य करते हुए यातायात के प्रवाह को बनाए रखा।
फ्लाईओवर के इन प्रोजेक्ट्स पर चल रहा काम
- पंजाबी बाग में 6 लेन का फ्लाईओवर
- सराय काले खां के पास फ्लाईओवर की डबलिंग
- आनंद विहार के पास रोड नंबर-56 पर फ्लाईओवर
- गगन सिनेमा के पास मंगल पांडे फ्लाईओवर
- नेहरू प्लेस के साबित्री सिनेमा के पास फ्लाईओवर की डबलिंग
- शालीमार बाग का रोटरी क्लब फ्लाईओवर
- नजफगढ़ फिरनी फ्लाईओवर
- मां आनंदमयी फ्लाईओवर
- त्रिपोलिया गेट से रानी झांसी फ्लाईओवर
- ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर
- नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर
- वजीराबाद सिग्नेचर ब्रिज से डीएनडी फ्लाई-वे तक एलिवेटेड रोड
- नेहरू प्लेस फ्लाईओवर का मोदी मील फ्लाईओवर तक एक्सटेंशन
- खेड़ा खुर्द तक एलसी-12 रेलवे ओवर ब्रिज
नोएडा-गाजियाबाद से लाजपत नगर के बीच सफर हुआ आसान
आश्रम फ्लाईओवर का डीएनडी फ्लाईओवर तक विस्तार किया गया है। आश्रम फ्लाईओवर से होकर नोएडा-गाजियाबाद से  दिल्ली के लाजपत नगर और आईटीओ से लाजपत नगर के बीच वाहनों की आवाजाही अधिक रहने के मद्देनजर इसे 6 लेन का बनाया गया है। तीन-तीन लेन दोनों तरह बनाए गए हैं। सड़क निर्माण के दौरान लोगों की सुविधाओं का भी ख्याल रखा गया है। मसलन, लोगों को सड़क के दूसरी तरफ जाने के लिए आवश्यकतानुसार एफओबी बनाया गया है। साथ ही रैंप भी दिया गया है। पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ बना है तो जगह-जगह रोड साइनेज लगे हैं। स्ट्रीट लाइट का कार्य भी हुआ है और पानी निकासी के लिए ड्रेनेज भी बनाया गया है। फ्लाईओवर के विस्तार का कार्य जून 2020 में प्रारंभ हुआ था और 31 मार्च 2023 तक इसे शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके विस्तार पर करीब 180 करोड़ रुपए का खर्च आया है।
दिल्ली-एनसीआर के लाखों लोगों को फायदा
यह फ्लाईओवर दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा। नोएडा व गाजियाबाद से दिल्ली और आईटीओ से लाजपत नगर के लिए बड़ी संख्या में लोग रोजाना आवागमन करते हैं। इसके खुला जाने से नोएडा और गाजियाबाद से लोग दिल्ली के लाजपत नगर होकर फरीदाबाद तक जा सकेंगे। इस लिहाज से दिल्ली-एनसीआर के लाखों लोग रोजाना लाभान्वित होंगे। साथ ही, नोएडा से एम्स और आईटीओ से एम्स तक सिग्नल फ्री कॉरिडोर बनाया गया है, ताकि लोगों को जाम का सामना न करना पड़े। महारानी बाग में पैदल यात्रियों के लिए सब-वे बनाया गया है। निर्बाध आवागमन की वजह से वायु और ध्वनि प्रदूषण में कमी आएगी। जबकि ट्रैफिक जाम न लगने से रोजाना बड़ी मात्रा में ईंधन की बचत होगी।
आश्रम फ्लाईओवर की खास बातें
-फ्लाईओवर की कुल लंबाई 1425 मीटर है
--यह फ्लाईओवर छह लेन का है, दोनो तरह तीन-तीन लेन हैं
-दक्षिणी दिल्ली से सराय काले खां जाने के लिए तीन लेन रैंप
- आइटीओ और सराय काले खां से दक्षिणी दिल्ली जाने के लिए भी तीन लेन रैंप 
- पैदल यात्रियों के लिए महारानी बाग में रेड लाइट पर सब-वे बना है
- रात में एलईडी लाइटों से जगमगाएगा फ्लाईओवर
- फ्लाईओवर के पिलर्स पर कलाकृतियां भी उकेरी जाएंगी
- अब आश्रम चौक और डीएनडी के बीच की रेट लाइट नहीं होगी
कोविड समेत तमाम बाधाओं के बावजूद समय से पूरा हुआ प्रोजेक्ट
आश्रम फ्लाईओवर के विस्तार का प्रस्ताव 2017 में स्वीकृत हुआ था। 2019 में इसके लिए 129 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली थी। आश्रम फ्लाईओवर के निर्माण में अनुमानित 124 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च हुई है। फ्लाईओवर का निर्माण कार्य 2020 में शुरू किया गया। इस बीच कोविड-19 के कारण करीब 8 से 10 महीने तक कार्य में बाधाएं आई। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी को कई बार थोड़े-थोड़े हिस्से के लिए दिल्ली पुलिस से अलग-अलग पार्ट्स में अनुमति मिलती थी। इसके कारण भी निर्माण कार्य में बाधा आती रही। इसके बावजूद फ्लाईओवर के निर्माण का कार्य समय रहते पूरा हो गया है।  इसके निर्माण के लिए कुछ कार्य एनएचएआई द्वारा किए जाने थे, लेकिन उनका प्रस्ताव धीमी गति से चल रहा था। इसलिए बाद में इसकी जिम्मेदारी भी पीडब्ल्यूडी ने ली और फ्लाईओवर का निर्माण कार्य समय रहते पूरा किया।  
आश्रम फ्लाईओवर पर अभी कुछ दिनों तक केवल हल्के वाहन चलेंगे
आश्रम फ्लाईओवर पर अभी कुछ दिनों तक केवल हल्के वाहन ही चलेंगे। क्योंकि फ्लाइओवर के पीछे के एक हिस्से से बहुत बड़ी हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। इस हाईटेंशन लाइन को पहले दूसरे विभाग द्वारा हटाया जाना था, लेकिन यह संभव नहीं हो सका। इसलिए अब इसकी जिम्मेदारी भी पीडब्ल्यूडी ने ले ली है और इस महीने के अंत तक हाईटेंशन लाइन को हटा दिया जाएगा। इसके बाद फ्लाईओवर से बड़े वाहन भी गुजर सकेंगे। 
महारानी बाग में बना एफओबी पहले ही खोला जा चुका है
आश्रम फ्लाईओवर के निर्माण से लाजपत नगर से आने वाले यात्री बिना रुकावट सीधे सराय काले खां और डीएनडी जा सकेंगे। इसी तरह डीएनडी से आने वाला ट्रैफिक भी सीधे एम्स की तरफ जा सकेगा। फ्लाईओवर के निर्माण से तीन ट्रैफिक लाइट क्रॉस हो रही हैं, इससे यात्रियों के आवागमन मैं काफी सुविधा रहेगी। इस रूट पर जो ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती थी, उससे भी यात्रियों को निजात मिलेगी। महारानी बाग रिंग रोड पर पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए एक फुटओवर ब्रिज बनाया गया है। जो पैदल यात्रियों के लिए पहले से ही खोल दिया गया था।