बिहारवासियों को गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। पटना व इसके आसपास इलाकों में गर्म हवा के कारण लोग परेशान रहेंगे। वहीं, मौसम विभाग ने नौ जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, पटना समेत प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, मधुबनी, सुपौल और सहरसा में उष्ण लहर का प्रभाव बना रहेगा।

बता दें कि राज्य में पिछले पांच दिनों से धूप और भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। वहीं, शुक्रवार को भी नौ जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों को घरों से बेवजह निकलने से भी मना किया है। अगले पांच दिनों तक मौसम में कोई बदलाव के संकेत नहीं होने की संभावना है।

वहीं, मुजफ्फरपुर के मौसम की बात करें तो शुक्रवार को जिले का मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मुजफ्फरपुर का आज आसमान साफ रहेगा। पूर्वी उत्तरी हवा 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है। आद्रता अधिकतम 47 और न्यूनतम 11 प्रतिशत तक रहने की संभावना है।

राज्य के कई जिलों में आज तापमान में वृद्धि की संभावना है। पांच दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी झेलनी पड़ सकती है।